त्योहार पर बिगड़ सकते हैं हालात, हो सकता है अंधेरा-फोरम हड़ताल पर अडिग, आउटसोर्स कर्मियों ने जिद छोड़ी

Nov 01 2021

ग्वालियर। मप्र यूनाइटेड फोरम के बैनरतले सोमवार से पूर्व घोषणा के अनुसार बिजली कर्मचारियों ने बेमियादी हड़ताल का शंखनाद करते हुए काम छोड़कर दफ्तरों में पहुंचकर अपनी मांगों को लेकर जमकर नारेबाजी की। यह अभ काम नहीं करेंगे, ऐसा इनका कहना है, यदि यह अपनी जिद पर अडिग रहते हैं तो फिर कोशनी के त्योहार दीपावली पर शहर में अंधेरा देखने को मिल सकता है, तब हालात बिगड़ सकते हैं। क्योंकि कंपनी के पास अन्य कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं है, कंपनी इस बात से जरूर राहत महसूस कर सकती है कि अब तक हड़ताल के मूड में रहे आउटसोर्स कर्मचारियों ने ऐन वक्त पर अपने कदम पीछे खींच लिए हैं और वह काम पर वापस आ गए हैं, ऐसे में कंपनी इनका जमकर उपयोग करेगी और समस्या को काफी हद तक टाला जा सकेगा।
मप्र यूनाइटेड फोरम फॉर पॉवर एम्पलाइज एवं इंजीनियर्स के संयोजक ईवीकेएस परिहार का कहना है कि 27 अक्टूवर को ऊर्जामंत्री को आज एक नवंबर से बेमियादी कार्य बहिष्कार का नोटिस दे दिया गया था, लेकिन कर्मचारियों की मांगों पर कोई विचार न कर अक्टूबर 21 का वेतन मुख्यमंत्री की घोषणा के विरुध्द बिजली कंपनियों में बिना डीए व इंक्रीमेंट की बकाया राशि जोड़े प्रदान कर दी गई है। जैसा कि फोरम ने निर्णय किया था उसके अनुसार सोमवार से काम का बहिष्कार शुरु कर दिया गया है।
इसके अनुसार किसी भी अधिकारी व कर्मचारी ने दफ्तर आकर अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं कराई है। जो काम करेंगे उनकी निगरानी के लिए समिति भी बनाई गई है। आठ बजे के बाद से काम बंद कर दिया गया है। फोरम ने साफ कहा है कि इस दौरान किसी भी प्रकार की आपात सेवा बिजली शिकायत निवारण व व्यवधान में कोई सुधार नहीं किया जाएगा।
आउटसोर्स ने नहीं दिया साथ
इधर आउटसोर्स कर्मचारी संगठन ने फोरम की हड़ताल में साथ न आने का निर्णय लिया है। संगठन के प्रदेश संयोजक मनोज भार्गव ने बताया कि बिजली कर्मचारियों द्वारा प्रस्तावित बेमियादी आन्दोलन स्थगित कर दिया गया है, क्योंकि मध्य क्षेत्र वितरण कम्पनी भोपाल, ग्वालियर सहित विभिन्न कम्पनियों ने बिजली आउटसोर्स कर्मचारियों की मांग मानते हुए उन्हें दीपावली पूर्व वेतन एवं बोनस प्रदान करने संबंधी आदेश जारी कर यह राशि प्रदान कर दी है। भार्गव ने आशा व्यक्त की कि ऊर्जा मंत्री वितरण कम्पनियों की तरह प्रदेश की पॉवर ट्रांसमिशन एवं सिंगाजी खण्डवा, सारणी, अमरकंटक, चचाई, बीरसिंहपुर, रीवा जनरेशन कम्पनियों के कर्मचारियों को भी 8.33 प्रतिशत बोनस दिलवानेा के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करेंगे एवं पूर्व क्षेत्र वितरण कम्पनू जबलपुर, सागर, रीवा, शहडोल, रीजन अन्तर्गत जिन आउटसोर्स ठेका कर्मचारियों को टेण्डर में दर्शित 8.33 प्रतिशत की दर के अनुपात से भी कम दर पर बोनस दिया जा रहा है, उन्हें 8.33 प्रतिशत की दर से नवीन 2019 वेजेस नियम के अनुसार बोनस भुगतान करवाएंगे।