तोड़ रहा था एटीएम, पुलिस ने धरा

Nov 01 2021

ग्वालियर। एटीएम तोडऩे का प्रयास कर रहे एक लुटेरे को पुलिस ने पकड़ा है। घटना बहोड़ापुर चौराहे के पास स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम बूथ की है। पकड़े गए आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। 
बहोड़ापुर थाना प्रभारी अमर सिंह सिकरवार ने बताया कि रात पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि एक्सिस बैंक की एटीएम मशीन को एक लुटेरा तोडऩे का प्रयास कर रहा है। सूचना मिलते ही एफआरवी 24 पर पदस्थ स्टॉफ को सूचना की तस्दीक के लिए पहुंचाया। एफआरवी जब मौके पर पहुंची तो पुलिस को देखते हुए एक युवक एटीएम बूथ से भागा, जिसे पुलिस जवानों ने पीछा कर पकड़ा। पकड़े गए युवक को लेकर जब जवान एटीएम बूथ में पहुंचे तो मशीन की ऊपरी परत टूटी मिली। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। आरोपी को पकडऩे में आरक्षक राघवेन्द्र राजपूत, सुनील शर्मा के साथ ही कंट्रोल रूम में पदस्थ एएसआई ओपी शर्मा, मानपाल, जमील खान और जयवीर की विशेष भूमिका रही। 
पहले भी पकड़ा जा चुका है आरोपी
पुलिस पूछताछ में पता चला है कि पकड़ा गया आरोपी इससे पहले भी एटीएम तोड़ते हुए पकड़ा जा चुका है। अब पुलिस उससे शहर में हुई एटीएम तोडऩे की घटनाओं की जानकारी के लिए पूछताछ में जुट गई है। 
घटना के बाद जिले में लगे सभी एटीएम बूथ पुलिस ने चेक कर पड़ताल की और जिन एटीएम पर गार्ड मिले उन्हें अलर्ट रहकर ड्यूटी करने के निर्देश दिए। 
एएसपी हितिका वासल ने कहा कि एटीएम मशीन को तोड़ रहे एक युवक को पकड़ा है। पकड़े गए युवक से पूछताछ की जा रही है।