सर्द मौसम, चाय की चुस्की और गुनगुनी धूप का मजा

Oct 31 2021

ग्वालियर। मौसम परिवर्तन सदैव ही बेहद सुहावना लगता है, प्रकृति जिस तरह से करवट लेती है वह दिन और पल-छिन मन को खूब प्रफुल्लित करते हैं। यह बदलाव अब शुरु हो चुका है, सूर्य की किरणें चुभन की जगह सुखद अहसास दे रही हैं ऐसे में शहर के नुक्कड़ों और फुटपाथों पर बनी चाय की गुमटियों और ठेलों पर चाय की चुस्कियां लेकर बतियाने वालों की संख्या में खूब इजाफा हो रहा है, गर्म-गर्म चाय के साथ शरीर को मिलने वाली गुनगुनी धूप चाय पसंदों का मजा दोगुना कर रही हैं। नाश्ते की दुकानों पर भी नजारा कुछ ऐसा ही है। वैसे भी सर्द मौसम में यदि चाय मिल जाए तो फिर बात ही क्या।
उत्तराखंड में बर्फबारी का बड़ा असर अब शहर में महसूस किया गया है। बीते 12 घंटे से तेज ठंडी उत्तरी हवा ने पारे को सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस नीचे गिरा दिया है, वहीं कल अधिकतम पारा भी सामान्य से नीचे दर्ज हुआ, जिसके असर से अब शहर की फिजा में लगातार ठंडक घुलती जा रही है, कल जहां शाम को ही ठंड ने अपनी अच्छी उपस्थिति दर्ज कराते हुए यह जता दिया था कि अब वह पैर पीछे खींचने वाली नहीं, तब मौसम के रुख अनुसार रात बेहद सर्द हो गई और देर रात से ही तेज ठंडी हवा ने घर के भीतर तक कंपाने का काम किया। रविवार सुबह लोगों को जागने के बाद फिर ठंड का सामना करना पड़ा, दस बजे तक सूरज की किरणों में तेजी नहीं थी, जिसके चलते गर्म कपड़े पहनने पड़े, लेकिन लोगों ने गुनगुनी धूप का जमकर आनंद लिया। यह अलग बात है कि ठंडे मौसम का असर जनजीवन पर दिखाई दिया। 
मौसम विशेषज्ञ सीके उपाध्याय का कहना है कि अब मौसम पूरी तरह से सर्दी के लिए तैयार है। उधर उत्तराखंड में भी बर्फबारी का सिलसिला शुरु हो गया है, जिससे बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और उत्तरी हवा के संगम ने बीते 24 घंटे में मौसम में बड़ा परिवर्तन हुआ है और यह एक पखवाड़े तक लगातार दिखाई देगा। इसके बाद शहर में ठंड पूरी तरह अपना प्रभाव जमा लेगी।