निगम आयुक्त ने लक्ष्मण तलैया पर खेला क्रिकेट, पत्थर का विकेट, कीपर पूर्व पार्षद

Oct 31 2021

ग्वालियर। नगर निगम आयुक्त किशोर कान्याल ने रविवार को लक्ष्मण तलैया क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान जब उन्होंने तलैया के पास बच्चों को क्रिकेट खेलते देखा तो खुद को रोक नहीं सके। फिर क्या था हाथ में बेट लेकर निगमायुक्त भी पिच पर उतर गए, पत्थर का विकट था और विकेट कीपर थे पूर्व पार्षद चंदू सेन।
दरअसल निगम आयुक्त किशोर कान्याल शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर करने के साथ ही विकास कार्यों का जायजा लेने के लिए इन दिनों रोज ही वार्डों का निरीक्षण कर रहे हैं। इसी क्रम में रविवार को वह लक्ष्मण तलैया क्षेत्र में पहुंचे थे। यहां पर सफाई व्यवस्था को लेकर स्थानीय निवासियों से चर्चा की। साथ ही पूर्व पार्षद चंदू सेन ने भी क्षेत्र की समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। इसके बाद वह लक्ष्मण तलैया का जायजा लेने के लिए पहुंचे। निगमायुक्त ने लक्ष्मण तलैया की साफ सफाई के संबंध में चर्चा करने के साथ ही इसका आकर्षण बढ़ाने को लेकर भी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। निगमायुक्त की नजर इस दौरान तलैया के पास क्रिकेट खेल रहे बच्चों पर पड़ी तो वह भी बच्चों के साथ क्रिकेट खेलने पहुंच गए। निगमायुक्त जब बैटिंग करने के लिए पिच पर उतरे तो पूर्व पार्षद चंदू सेन ने विकेट के पीछे कीपिंग की जिम्मेदारी संभाली। इस दौरान निगमायुक्त ने काफी देर तक बच्चों के साथ क्रिकेट खेला।
पूर्व पार्षद एवं स्थानीय लोगों ने इस दौरान लक्ष्मण तलैया इलाके के इतिहास के बारे में भी जानकारी दी। स्थानीय लोगों ने सुझाव दिया कि इसे बेहतर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा सकता है।