एक अक्टूबर से सराफा लॉक, सिर्फ दो पहिया वाहनों को प्रवेश

Oct 30 2021

ग्वालियर। धनतेरस पर सराफा बाजार में खरीदारी करने आने वालों को किसी तरह की परेशानी ना हो इसके लिए एक अक्टूबर की शाम से ही बाड़ा लॉक कर दिया जाएगा और सिर्फ दो पहिया वाहन व पैदल जाने वालों को प्रवेश दिया जाएगा। बाड़ा आने वाले वाहनों को यातायात पुलिस द्वारा बनाई जा रही पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। यहां आने वालों ग्राहकों को किसी तरह की परेशानी ना आए इसके लिए अफसरों के साथ ही करीब साढ़े सात सौ के लगभग जवानों को तैनात किया जा रहा है। 
एसपी अमित सांघी ने बताया कि धनतेरस पर खरीदारी करने आने वालों को किसी तरह की परेशानी ना हो इसके लिए सराफा बाजार व आस-पास के इलाके में थाना पुलिस के साथ ही अतिरिक्त बल तैनात किया जा रहा है, जिसमें करीब साढ़े सात सौ जवानों के साथ ही पुलिस अफसरों को तैनात किया जा रहा है। एक अक्टूबर की शाम से चार पहिया वाहनों का प्रवेश सराफा में बैन रहेगा और यहां आने वालों के लिए महाराज बाड़ा के आस-पास करीब आधा दर्जन पार्किंग में अपने वाहन रखने होंगे। 
सराफा बाजार को तीन हिस्सों में बांटा जा रहा है। यहां की सुरक्षा के लिए सीएसपी आत्माराम शर्मा, रवि भदौरिया व एसडीओपी प्रवीण अष्ठाना के साथ ही क्राइम ब्रांच डीएसपी व ट्रैफिक डीएसपी भी तैनात रहेंगे। वहीं सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था व सुरक्षा की मॉनीटरिंग एएसपी हितिका वासल व सत्येन्द्र तोमर द्वारा की जाएगी। 
बाजार में खरीदारी करने आने वालों की सुरक्षा के लिए यहां पर लगे सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी और निगरानी के लिए बाजार समिति के सदस्यों के साथ ही पुलिस जवान तैनात रहेंगे। 
क्राइम ब्रांच व महिला थाना पुलिस भी तैनात
ग्राहक बनकर बदमाश किसी वारदात को अंजाम ना दे सकें, इसके लिए महिला थाना पुलिस के साथ ही क्राइम ब्रांच के जवान भी सादा वर्दी में तैनात रहेंगे। जिससे भीड़ में किसी तरह की वारदात ना हो। 
बाजार में जगह-जगह मचान बनाए जा रहे हैं, जहां पर पुलिसकर्मी तैनात रहकर निगरानी करेंगे। यहां पर तैनात जवान दुरबीन से सराफा में आने जाने वालों की निगरानी करेंगे। 
ग्वालियर, मुरार में भी रहेगी कड़ाई
लश्कर सराफा बाजार के साथ ही मुरार और ग्वालियर सराफा बााजर में भी पुलिस जवान व अफसर तैनात किए जा रहे हैं जो यहां पर तैनात होकर वारदातों पर अंकुश लगाएंगे।