फुटपाथ पर सोते देखने पर उठाकर पूछताछ की तो निकले दो शातिर चोर

Oct 29 2021

ग्वालियर। मुरार पुलिस ने गश्त के दौरान फुटपाथ पर सो रहे दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। चोर पुलिस से बचने के लिए फुटपाथ पर सोने का नाटक कर रहे थे, लेकिन पुलिस को उनके हुलिया और सर्द रात में बिना चादर के सोने पर संदेह हुआ। उठाकर पूछताछ की तो 10 मिनट में चोरी की चार वारदातों को खुलासा किया है। यह वही चोर थे जो कुछ मिनट पहले ही पुलिस को देखकर साहू का पुरा में अपनी साइकिल छोड़कर भागे थे। चोरों को लगा कि फुटपाथ पर सोने का नाटक करेंगे तो पुलिस उन तक नहीं पहुंच पाएगी। अभी तक 3 लाख रुपए का माल भी बरामद हो चुका है। मुरार थाना पुलिस दोनों पकड़े गए चोरों से शहर में हुई वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है। 
एएसपी शहर राजेश डंडौतिया ने बताया कि मुरार थाना प्रभारी शैलेन्द्र भार्गव, आरक्षक शिवनारायण, राठौर, दिनेश राजावत, राजू मोगिया, योगेन्द्र सिकरवार और जयंत जादौन के साथ गश्त कर रहे थे। गश्त करते हुए जब वह साहू पुरा पहुंचे तो दो युवक साइकिल से आते दिखे जो पुलिस को देखते ही साइकिल छोड़कर भाग निकले। बगैर टोके साइकिल छोड़कर भागते दिखे युवकों को देखते ही शंका हुई और उनका पीछा किया तो वह गलियों में दौड़ते हुए भाग गए। पुलिस भी उसी दिशा में भागी। पुलिस से बचने के लिए दोनों युवक कुछ दूरी पर फुटपाथ पर सोने का नाटक करने लगे। सर्द रात में बिना चादर गर्म कपड़ों के फुटपाथ पर सोते युवकों को देख पुलिस की समझ में आ गया कि वह भागने वाले युवक हैं और पुलिस ने तुरंत उन्हें धर लिया। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए युवकों ने अपने नाम शंकर जाटव निवासी मुरार तथा दूसरे ने अपना नाम अम्मो उर्फ अमित बाल्मीकि निवासी निबुआपुरा बताया है।
पुलिस ने पकड़े गए चोरों से पूछताछ की तो पहले तो वह इधर-उधर की बात कह कर टरकाते रहे और खुद को एक पार्टी कार्यकर्ता बताया, लेकिन पुलिस ने उनसे भागने का कारण पूछा तो वह कुछ नहीं कह सके। पुलिस ने जब उनसे अपने तरीके से पूछताछ की तो उन्होंने कुबूल किया कि वह चोर है और चोरी करने के लिए निकले थे। रास्ते में उन्हें साइकिल मिल गईं और वह उसे चोरी कर ले जा रहे थे कि पुलिस से सामना हो गया और वह डर कर भाग निकले, लेकिन फिर भी पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ के बाद उनसे चार चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ है। एक मोबाइल, बाइक तथा करीब दो लाख रुपए से ज्यादा के जेवरात बरामद किए हैं।
मुरार थाना प्रभारी शैलेन्द्र भार्गव ने बताया कि दो चोरों को पुलिस ने गश्त के दौरान पकड़ा है। पकड़े गए चोरों से करीब तीन लाख रुपए का माल बरामद हुआ है। पूछताछ की जा रही है और वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।