सास को दुधमुंही बेटी पकड़ा कर सूखी बावड़ी में कूदी महिला की मौत

Oct 28 2021

ग्वालियर। शहर के महल गांव इलाके में एक नवविवाहिता ने सूखी बावड़ी में कूदकर आत्महत्या कर ली। मौके पर उसकी सास भी मौजूद थी। सास ने उसे रोकने का प्रयास भी किया। लेकिन महिला अपनी दुधमुंही बेटी को सास को पकड़ा कर अचानक सुखी बावड़ी में कूद गई। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूखी बावड़ी करीब 70 फुट गहरी थी। पता चला है कि नरेश पटेल की शादी डेढ़ साल पहले ही हुई थी।
वह मेहनत मजदूरी करके अपने परिवार का पेट पालता था और महलगांव क्षेत्र में किराए के मकान में रहता था। लेकिन नशा करने के कारण उसके घर में अक्सर क्लेश होता रहता था। बुधवार को भी महिला का अपने पति से विवाद हुआ था। नरेश की पत्नी अभिलाषा अपनी डेढ़ महीने की बच्ची को लेकर गुरुवार दोपहर में निकल गई थी सास भी मेहनत मजदूरी करती है। शाम को जब अभिलाषा की सास वापस लौटी तो उसे महल गांव कुए के पास अभिलाषा मिली।
अभिलाषा ने बताया कि वह रोज-रोज की प्रताडऩा से तंग आ चुकी है। सास शांति बाई ने उसे समझाने की कोशिश की और घर चलने को कहा लेकिन अभिलाषा ने अपनी दुधमुंही बेटी को सास को पकड़ाया और सुखी बावड़ी में कूद गई जब तक लोग उसे बचाने की कोशिश करते तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मौके पर पुलिस और डॉक्टर को भी बुलाया गया। डॉक्टर ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। विश्वविद्यालय पुलिस ने महिला की मौत पर मर्ग कायम कर लिया है। इस घटना के बाद महलगांव मोहल्ले में शोक का माहौल है।