मां बेटी से दो ठगों ने लूटे दो तौला वजनी जेवर,बदले में थमाई 500 की कतरन लगी गड्डियां

Oct 28 2021

ग्वालियर। दीपावली के मौके पर ठग भी सक्रिय हो गए हैं वह दीपावली की खरीदारी करने के लिए घरों से निकल रहे लोगों पर पैनी नजर रखकर उन्हें लूटने और ठगने का काम कर रहे हैं। ऐसा ही एक मामला ग्वालियर में हृदय स्थल महाराज बाड़े पर नजर आया जब दो बदमाशों ने मिली भगत करके खरीदारी के लिए बाजार आई मां बेटी के जेवर उतरवा लिए और उन्हें 500 की कागज की कतरन की गड्डियां थमा दी।
खास बात यह है कि जिस स्थान पर यह घटना हुई वहां पुलिस वर्दी और सादा कपड़ों में तैनात थी। पुलिस चौकी भी मुश्किल से 30 कदम की दूरी पर स्थित थी। बावजूद इसके बदमाश महिला को ठग कर फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पता चला है कि बेबी रजक अपनी बेटी सारिका के साथ महाराज बाड़े पर आई थी। यहां टाउन हॉल की सीढिय़ों पर नाती के रोने पर उसे दोनों महिलाएं आइसक्रीम खिला रही थी तभी एक युवक घूमता हुआ उनके पास आया और 10 रूपए की मांग करने लगा। दूसरे युवक से भी बदमाश ने नाटकीय अंदाज में पैसों की मांग की। उसने बताया कि उसे मुरैना जाना है लेकिन उसके पास लाखों रुपए की गड्डियां हैं। पैसे मांगने वाले युवक ने कपड़े की पोटली में बंद गड्डी महिला और दूसरे युवक को दिखाईं। जिसमें एक गड्डी के ऊपर पांच सौ का नोट लगा हुआ था बाकी उसमें कागज की कतरनें थी।
महिला ने भी दया करके उसे 10 रूपए दे दिए बाद में युवक ने और पैसों की मांग की। इस पर साथ आए युवक ने महिला से कहा कि आपके पास कुछ पैसे हो तो इसे दे दो यह 500 की गड्डी अपने को दे देगा जिसे अपन बाद में आपस में बांट लेंगे। मां बेटी ठगों की करतूत को समझ नहीं पाई और अपने सारे जेवर उतार के पैसे मांगने वाले ठग को दे दिए। दूसरे बदमाश ने उन्हें कपड़े की पोटली में बंधी नोटों की गड्डी दे दी।
काफी देर तक बदमाश वहां रहे बाद में गायब हो गए। जब देर तक युवक नहीं लौटे तो महिला ने कपड़े की पोटली में बंदी गड्डी देखी तो उसमें सिर्फ एक 15 सौ का नोट लगा था। महिलाएं सीधे पुलिस चौकी पहुंची लेकिन बदमाशों का कुछ पता नहीं लगा पुलिस आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी फुटेज को तलाश रही है जिससे बदमाशों का कुछ पता लग सके।