स्वनिधि योजना के तहत भेजे गए ऋण आवेदन बैंक में अटके, अपर आयुक्त का बैंक मैनेजर से विवाद

Oct 28 2021

ग्वालियर। स्वनिधि योजना के तहत जिन हितग्राहियों के लोन आवेदन बैंकों में भेजे जा रहे हैं, वहां स्वीकृत होने में देरी होने से हितग्राहियों का सब्र टूट रहा है। गुरूवार सुबह नया बाजार स्थित बैंक आफ बडौदा की शाखा में हितग्राहियों ने हंगामा कर दिया। मामले की जानकारी लगने के बाद जब अपर आयुक्त मुकुल गुप्ता पहुंचे तो उनका भी बैंक मैनेजर से मुंहवाद हो गया। अपर आयुक्त ने कहा कि किसी भी हालत में जल्द से जल्द आवेदनों को स्वीकृत किया जाए।
प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत ग्वालियर नगर निगम ग्वालियर के द्वारा वर्ष 2021-22 में कुल 9746 पथकर विक्रेताओं की प्रकरण तैयार करके बैंक में 10 हजार रुपये के ऋण स्वीकृत कराने हेतु भेजे गए हैं। जिसके विरुद्ध बैंक द्वारा मात्र 2506 प्रकरणों में ऋण वितरण करने की कार्रवाई की गई है। 7240 प्रकरण अभी भी बैंकों में बिना स्वीकृत हुए पड़े हुए हैं। एवं उनके लिए पथकर विक्रेता हाथ ठेला व्यवसायी लगातार बैंकों में बार-बार चक्कर लगा रहे हैं ।
इस संबंध में नगर निगम की ओर से सभी बैंकों में सिटी मिशन मैनेजर एवं सामुदायिक संगठक हितग्राहियों को बैंक ले जाकर ऋण वितरण कराने का लगातार प्रयास किया जा रहा हैं, लेकिन बैंक अधिकारियों के द्वारा हितग्राहियों को ऋण वितरण नहीं किए जा रहे हैं। गुरूवार को हितग्राहियों के द्वारा शिकायत करने पर उनके साथ में अपर कमिश्नर नगर निगम मुकुल गुप्ता भी बैंक आफ बड़ौदा नया बाजार शाखा में पहुंचे थे। यहां हितग्राहियों की ओर से बैंक अधिकारियों को फूल माला भेंट कर ऋण वितरण करने का अनुरोध किया गया। इस दौरान बैंक कर्मियों ने अपर आयुक्त के साथ भी सही ढंग से बातचीत नहीं की। बैंक आफ बड़ौदा नया बाजार शाखा में कुल 36 प्रकरण अब तक लंबित हैं।
बैंक मैनेजर से हुआ मुंहवाद
अपर आयुक्त मुकुल गुप्ता जब बैंक मैनेजर के पास पहुंचे तो वहां भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इस पर अपर आयुक्त ने कहा कि हितग्राही किसी हालत में परेशान नहीं होना चाहिए, उनके ऋण आवेदन जल्द से जल्द स्वीकृत किए जाएं।