फाइनेंस कर्मचारी की लाश मिली, कान से निकल रहा था खून

Oct 28 2021

ग्वालियर। गुरुवार सुबह एक युवक की लाश फूलबाग चौराहे पर पड़ी मिली है। लाश मिलने का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मर्ग कायम कर शव को पीएम हाउस भेज दिया है। मृतक की पहचान एक फाइनेंस कर्मचारी के रूप में हुई है और बीते रोज उसके लापता होने की सूचना परिजनों ने बहोड़ापुर थाना पुलिस को दी थी। 
पड़ाव थाना पुलिस ने बताया कि गुरुवार की सुबह करीब साढ़े छह बजे सूचना मिली थी कि एक युवक का शव फूलबाग चौराहे के पास स्थित कलारी के पास पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की तो पता चला कि मृतक बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के शील नगर निवासी तीस वर्षीय सोमेश कौरव पुत्र रामेश्वर कौरव का है और वह एक फाइनेंस कंपनी में काम करता था। इसका पता चलते ही पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे और उसकी शिनाख्त की। 
बहोड़ापुर थाने में दी थी गुमशुदा होने की सूचना
पुलिस पूछताछ में पता चला है कि मृतक शराब पीने का आदी था और अक्सर घर पहुंचते हुए लेट हो जाता था और बीती रात जब वह घर नहीं पहुंचा तो इसकी सूचना बहोड़ापुर थाना पुलिस को दी थी। मृतक के कान से खून निकलने पर पुलिस का मानना है कि उसे अटैक पड़ा होगा और उसकी मौत हो गई है। फिलहाल पुलिस ने मौत का असल कारण जानने के लिए शव को पीएम हाउस भेज दिया है।