कांग्रेस विधायक की धोखाधड़ी का शिकार प्रॉपर्टी कारोबारी की जहर खाने से मौत, विधायक के घर के सामने गटका था जहर

Oct 27 2021

ग्वालियर। 1 करोड़ 86 लाख की ठगी का शिकार प्रॉपर्टी कारोबारी ने पहले जहर आरोपी कांग्रेस विघायक के घर के सामने जहर गटका था। बुधवार सुबह उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के कॉल्पी ब्रिज कॉलोनी की है। प्रॉपर्टी कारोबारी की मौत का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मर्ग कायम कर शव को पीएम हाउस भेज दिया है। 
महाराजपुरा थाना क्षेत्र के वायू नगर निवासी 53 वर्षीय सीताराम शर्मा पुत्र श्रीलाल शर्मा प्रॉपर्टी कारोबारी है। उन्होंने कांग्रेस विधायक अजब सिंह कुशवाह के घर के सामने जहर गटक लिया था। जब इसका पता चला तो पुलिस ने उन्हें उपचार के लिए भर्ती कराया था। जहां पर बुधवार की सुबह चार बजे प्रॉपर्टी कारोबारी ने दम तोड़ दिया। प्रॉपर्टी कारोबारी की मौत का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है। 
मौत से पहले वीडियो में दिए बयान
मौत से चंद घंटे पहले प्रॉपर्टी डीलर सीताराम शर्मा ने बिगड़ती हालत के बाद अपना एक वीडियो बनवाया है। यह वीडियो उनकी मौत के बाद सोशल मीडिया पर सामने आया है। इसमें वह साफ कह रहे हैं कि उन्होंने विधायक अजब सिंह कुशवाह से प्रताडि़त होकर उनके घर पर पहुंचकर यह जहर खाया था। जब वह उनके घर पहुंचे तो उनके परिवार के सदस्यों ने दरवाजे नहीं खोले। सभी लोग लाइट्स बंद कर दूसरी मंजिल पर चढ़ गए। जिसके बाद जहर खाने के अलावा कोई चारा नहीं बचता था। मौत से पहले तहसीलदार शारदा पाठक ने उनके बयान भी दर्ज किए हैं।
कई बार दी चेतावनी पुलिस ने किया अनसुना
विधायक अजब सिंह कुशवाह पर 3 मामले दर्ज हैं। सभी जमीन की धोखाधड़ी के मामले हैं। इसके बाद भी पुलिस और जिला प्रशासन ने इस पर कोई एक्शन नहीं लिया। एक बार भी उसे बुलाकर पूछताछ नहीं की गई। विधायक से ज्यादा वह सिस्टम के आगे बेबस नजर आए। यही कारण है कि सीताराम ने कई बार आत्महत्या की चेतावनी दी। पर जिला प्रशासन और पुलिस फिर भी नहीं चेता। आखिर में वही हुआ जिसका डर था। उन्होंने खुदकुशी कर ली। मृतक की पत्नी बीरवती शर्मा ने भी एक दिन पहले चेतावनी दी कि यदि पति को कुछ हो गया तो वह भी पूरे परिवार के साथ आत्मदाह करेगी।
150 से ज्यादा पीडि़त 8 से 10 करोड़ की धोखाधड़ी
मृतक के साथी बृजलाल श्रीवास ने बताया कि विधायक के खिलाफ पुलिस क्यों एक्शन नहीं ले रही है। विधायक अजब सिंह कुशवाह ने जमीन की धोखाधड़ी अकेले सीताराम के साथ ही नहीं की है। उसने 150 से 200 लोगों को ठगा है। करीब 8 से 10 करोड़ रुपए की पूरी धोखाधड़ी है। पुलिस 3 मामले दर्ज करने के बाद भी एक्शन नहीं ले रही है। इसलिए सीताराम को यह कदम उठाना पड़ा है।
इस मामले में टीआई गोला का मंदिर विनय शर्मा का कहना है कि सीताराम ने विधायक के घर के बाहर जहर खाया था। जिसमें उसकी मौत हो गई है। मौत से पहले तहसीलदार के सामने बयान भी हो गए हैं। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अभी मर्ग कायम किया गया है।