सुमावली विधायक पर एफआईआर के बाद भी गिरफ्तारी नही होने पर- दुखी प्रॉपर्टी डीलर ने आत्महत्या का प्रयास किया

Oct 26 2021

ग्वालियर। मुरैना के सुमावली से कांग्रेस विधायक अजब सिंह के ग्वालियर स्थित बंगले पर पहुंचे प्रॉपर्टी कारोबारी ने जहर खा लिया। पीडि़त ने लड़ झगड़कर धोखाधड़ी का मामला तो दर्ज करा दिया, लेकिन अभी तक पुलिस ने कोई एक्शन नहीं लिया है। जिस कारण हताश होकर उसने यह कदम उठाया है। स्थानीय लोगों ने गंभीर हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पीडि़त की पत्नी ने प्रशासन से न्याय दिलाने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि अगर कोई अनहोनी हुई तो वह सपरिवार विधायक के घर के बाहर आत्महत्या करेगी। वहीं तहसीलदार ने मंगलवार सुबह अस्पताल पहुंचकर प्रॉपर्टी कारोबारी के बयान दर्ज कर मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।
बिल्डर और वर्तमान में मुरैना के सुमावली से विधायक अजब सिंह कुशवाह ने सालों पहले महाराजपुरा के विक्रमपुर, खेरिया, सोहनपुर में प्लॉटिंग की थी। जिसमें कई लोगों को गलत ढंग से गलत जानकारी देकर प्लॉट बेचे गए थे। इनमें से एक प्रॉपर्टी कारोबारी डीडी नगर निवासी सीताराम शर्मा हैं। इन्होंने करीब 1.86 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट विधायक अजब सिंह, उसके दामाद व अन्य के साथ डील कर बुक किए थे। पर उनके साथ धोखा हुआ। जमीन में विवाद आने की बात कहते हुए कुछ दिन इंतजार करने के लिए कहा। सीताराम शर्मा ने ग्वालियर के महाराजपुरा क्षेत्र स्थित ग्राम विक्रमपुर और सोहन पुर में सरकारी जमीन पर प्लाटिंग करने का आरोप लगाते हुए पिछले दिनों विधायक पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया था।
सीताराम को जिन लोगों ने प्लॉट के लिए पैसा दिया था वह अपना रुपया वापस मांग रहे थे। सीताराम शर्मा डिप्रेशन में थे और इसी के चलते वे विधायक के गोला का मंदिर काल्पिब्रिज के पास बने आवास पर रुपये मांगने पहुचे थे। तमाम प्रयास करने के बाद जब विधायक के घर दरवाजे नहीं खुले तो उन्होंने सल्फास की गोली खा लीं। वो तो स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल सीताराम की हालत नाजुक है।
पीडि़त की पत्नी की पुलिस को चेतावनी
पीडि़त की पत्नी वीरवती शर्मा का कहना है विधायक ने उनके पति के साथ 1 करोड़ 86 लाख रुपये की ठगी की है। इसी के चलते वह डिप्रेशन में थे। वहीं प्रोपर्टी डीलर के मित्र रविन्द्र भदौरिया ने पुलिस पर दबाब के चलते कार्रवाई में लेटलतीफी करने का गंभीर आरोप लगाया है। फिलहाल प्रोपर्टी डीलर का इलाज जारी है पर समूचे घटनाक्रम से आहत पीडि़त की पत्नी ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर उन्हें न्याय नहीं मिला और कोई अनहोनी हो गई तो वह सपरिवार सुमावली विधायक के घर के बाहर आत्महत्या करेंगी।
तहसीलदार के सामने दिए प्रॉपर्टी डीलर ने बयान
प्रॉपर्टी डीलर के जहर खाने के बाद परिजन ने पुलिस को सूचना दी और गंभीर अवस्था में उन्हें जयारोग्य अस्पताल के आईयीयू में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। मंगलवार सुबह तहसीलदार शारदा पाठक ने अस्पताल पहुंचकर प्रॉपर्टी कारोबारी के बयान लिए हैं। मामला विधायक से जुड़ा है इसलिए तहसीलदार, विधायक का नाम लेने से बचती रहीं लेकिन उन्होंने इतना अवश्य बताया है कि किसी जमीन सबंधी विवाद में प्रॉपर्टी डीलर सीताराम शर्मा ने जहर खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त करने की कोशिश की है।