निगम आयुक्त ने किया बुद्धा पार्क का निरीक्षण पुलिस को दिए निर्देश-आसामाजिक तत्वों पर करें कार्रवाई

Oct 23 2021

ग्वालियर। नगर निगम आयुक्त किशोर कन्याल ने लक्ष्मीगंज स्थित बुद्धा पार्क का निरीक्षण किया। साथ ही बीते रोज हुई मारपीट की घटना के संबंध में संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की एवं जनकगंज थाना प्रभारी को कल की घटना के लिए जिम्मेदार असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने निगम अधिकारियों से भी इस संबंध में विस्तार से चर्चा की।
निगमायुक्त कन्याल ने कचरा ट्रांसफर स्टेशन बुद्धा पार्क का निरीक्षण करते हुए यहां आने वाले प्रतिदिन के कचरे के बारे में जानकारी ली। साथ ही वाहनों आदि की संख्या के बारे में संपूर्ण जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली। निगम आयुक्त ने निर्देश दिए कि यहां आने वाला कचरा प्रतिदिन यहां से उठता रहे, इसके लिए जितने भी वाहनों की आवश्यकता है डंपर आदि लगाए जाएं। निगम आयुक्त किशोर कन्याल ने कहा कि यह कचरे के ढेर सोर्स आफ इनकम भी हैंं। इससे कई लोगों के परिवार पलते हैं। उन्होंने यहां कचरे में से प्लास्टिक लोहा आदि बीनने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। यहां पर असामाजिक तत्वों की उपस्थिति को लेकर निगम आयुक्त ने जनकगंज थाना प्रभारी को निर्देश दिए कि वह औचक पुलिस बल भेजकर यहां से असामाजिक तत्वों को पकड़कर उनके खिलाफ कार्रवाई करें। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त संजय मेहता, सीएसपी रत्नेश तोमर, जनकगंज थाना प्रभारी डाक्टर संतोष यादव, स्वास्थ्य अधिकारी वैभव श्रीवास्तव, डिपो प्रभारी अमित गुप्ता, सत्येंद्र सिंह सोलंकी सहायक स्वास्थ्य अधिकारी किशोर चौहान, बनाफल सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं पुलिस बल उपस्थित था।