कर्तव्य की वेदी पर प्राण देने वालों की कमी नहीं-आईजी

Oct 21 2021

ग्वालियर। कर्तव्य की वेदी पर अपने प्राणों की आहूति देने वाले शहीद जवानों को सलाम करने के लिए सुबह से ही शहीद परेड मैदान में पुलिस के जवान और अफसर पहुंच गए। शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए मातमी धुन पर शस्त्र झुकाए गए और शपथ ली गई कि देश की रक्षा और सुरक्षा के लिए अपने कर्तव्यों से कभी पीछे नहीं हटेंगे। 
गुरुवार को पुलिस स्मृति दिवस पर एसएएफ बटालियन की 14वीं वाहिनी शहीद परेड मैदान पर देश की रक्षा की खातिर अपनी जान देने वाले शहीद जवानों को सलाम किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आईजी अविनाश शर्मा ने कहा कि देश की रक्षा और सुरक्षा के लिए हम सभी ने इस वर्दी को पहना है। हमारा कर्तव्य है कि पीडि़त की मदद करें और दुश्मनों को उनके अंजाम तक पहुंचाने में कोई कसर नहीं छोड़ें। देश की रक्षा के लिए जिन लोगों ने अपने प्राणों की आहूति दी है, ऐसे लोगों के प्रति अपनी निष्ठा बनाए रखें। सुबह जैसे ही मातमी धुन बजना शुरू हुई तो परेड में लगे जवानों ने शस्त्र झुका दिए। इसके बाद सभी ने राष्ट्रीय ध्वज के सामने एकता और भाईचारे की शपथ ली। इस मौके पर कर्तव्य ध्वनि के साथ शहीदों को सलाम किया गया और अफसरों व जवानों ने पुष्प अर्पित किए। 
377 हुए इस वर्ष शहीद
शहीद दिवस परेड के दौरान बताया गया कि 21 अक्टूबर 1959 से 31 अगस्त 2021 तक कुल 35086 जवानों और अफसरों ने बलिदान दिया है। इस वर्ष कुल 377 पुलिसकर्मी और अधिकारी भारतवर्ष में शहीद हुए हैं। जिसमें मध्यप्रदेश के 15 जवान और अफसर भी वीरगति को प्राप्त हुए है। 
शहीद दिवस पर आयोजित परेड में आईजी अविनाश शर्मा, डीआईजी राजेश हिगडेवकर, पुलिस अधीक्षक अमित सांघी, एएसपी हितिका वासल, राजेश डंडोतिया, सत्येन्द्र सिंह तोमर सहित अन्य पुलिस अफसर और जवान मौजूद थे। इस मौके पर समाजसेवियों ने भी पुष्प अर्पित कर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी।