डेंगू-मलेरिया रोकने एक साथ उतरा निगम अमला, शहर के सभी 66 वार्डों में चला विशेष अभियान, जुर्माना भी किया

Oct 21 2021

ग्वालियर। शहर में तेजी से फैल रहे डेंगू और मलेरिया को गंभीरता से लेते हुए अब नगर निगम पूरी तरह से अलर्ट मोड पर दिखाई दे रहा है। पहले ही निगमायुक्त किशोर कान्याल ने समझाइश देते हुए पूरे शहर में डेंगू और मलेरिया के खिलाफ उतरकर कार्रवाई का आदेश दिया था और साफ कह दिया था कि हर वार्ड में अभियान चलाया जाए और इसका फीडबैक उन्हे रोज चाहिए, इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, जो भी लापरवाही करेगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। मामला बेहद संजीदा है और सभी को गंभीर होकर काम करना होगा। इसके बाद गुरुवार सुबह से ही सभी वार्डों में एक साथ डेंगू-मलेरिया के खिलाफ विशेष अभियान शुरु हो गया, जो लगातार जारी रहेगा। 
इसके साथ ही नगर निगम ग्वालियर के कर्मचारियों द्वारा स्थायी व अस्थायी जल स्रोतों पर जहां जल रुकावट की स्थिति है वहां एंटी लार्वा का छिड़काव किया गया, वहीं गड्ढों की सफाई कर पानी निकलवाया जा रहा है। इस दौरान कर्मचारी लोगों के घरों में भी इस बात की जांच कर रहे हैं कि कहीं बेवजह पानी तो नहीं भरा, या उसे रोक कर तो नहीं रखा गया। सुबह कुछ लोगों ले समझाइश के बाद इस तरह पानी के रोकने के साधनों को हटा दिया गया, वहीं पेड़-पौधों में भरे अनावश्यक पानी को भी खाली करावाया गया।
निगमायुक्त ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी एवं सभी सहायक स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वह नगर निगम सीमा क्षेत्र में डेंगू मलेरिया की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाकर जन-जन को डेंगू मलेरिया से बचाव के लिए जागरुक करें।
इसके लिए वार्ड वार कर्मचारियों की टीमों का गठन किया गया है यह टीमें अपने-अपने क्षेत्र में घर-घर जाकर डेंगू मलेरिया के लार्वा का सर्वे कर रहीं हैं तथा जहां भी लार्वा मिलेगा वहां लार्वा के विनिष्टीकरण की कार्रवाई के साथ जुर्माना भी किया जा रहा है, क्योंकि इशके लिए पहले ही लोगों को जागरुक किया जा चुका है, लेकिन वह इसे गंभीरता से नहीं ले रहे। इसके अलावा विशेष साफ-सफाई भी कराई जा रही है तथा संबंधित क्षेत्र के लोगों को इससे बचाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है।