दिव्य दृष्टि संस्था द्वारा दिव्यांग शिक्षण जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है

Oct 21 2021

ग्वालियर। दिव्यांग बच्चों की शिक्षा को ध्यान में रखते हुए दिव्य दृष्टि संस्था द्वारा दिव्यांग शिक्षण जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें सामान्य स्कूलों, कालेजों एवं कोचिंग संस्थान पर जाकर संस्था के लोग वहां के संबंधित स्टाफ एवं छात्रों को सांकेतिक भाषा एवं ब्रेल स्क्रिप्ट के बारे में जागरूक करते हैं। जिससे उनके पास जो भी दिव्यांग बच्चे एडमिशन के लिए आएं तो वह बच्चे मायूस होकर न जाएं। स्कूल में एडमिशन के साथ-साथ संस्था के सपोर्ट से वह बच्चे शिक्षा के समावेशीकरण में अपनी अहम भूमिका निभा सकेंं। आज दिव्य दृष्टि संस्थान के द्वारा ग्रीनवुड पब्लिक स्कूल डीडी नगर में शिक्षण जागरूकता अभियान की एक वर्कशाप का आयोजन किया गया। जिसमें विद्यालय के सभी शिक्षकों ने भाग लिया एवं इंटरेस्ट के साथ साइन लैंग्वेज और ब्रेल स्क्रिप्ट को सीखा और जाना कि दिव्यांग बच्चे अपनी शिक्षा को किस तरह आसानी से पूर्ण कर सकते हैं। 
दिव्य दृष्टि संस्थान ग्रीनवुड पब्लिक स्कूल की संचालिका किरण भदौरिया एवं स्कूल के प्रिंसिपल मनोज को धन्यवाद ज्ञापित किया है। अंकुश गुप्ता ने बताया कि दिव्यांग बच्चों को स्कूलों में समान्य रूप से देखा जाए और वह अन्य बच्चों के साथ पढ़ सकें। इसके लिए सरकार द्वारा कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। उनका लाभ दिव्यांग बच्चों तक नहीं पहुंच पा रहा है, इसलिए अब समाजिक संस्थाएं उनको मुख्यधारा से जोडऩे के लिए अभियान चला रही हैं। इससे दिव्यांग बच्चे भी समाज की मुख्य धारा में शामिल हो सकेंगे। साथ ही शिक्षित होकर देश के विकास में अहम योगदान दे सकेंगे।