करंट ने ली दो चचेरे भाइयों की जान

Oct 17 2021

ग्वालियर। भितरवार में खेत पर पानी देने गए दो चचेरे भाइयों की करंट लगने से मौत हो गई है। दोनों भाई शनिवार रात को 10 बजे निकले थे। देर रात पानी देना शुरू किया, लेकिन तभी ट्यूबवेल पंप के लिए डाले गए तार की चपेट में एक भाई आ गया। उसे करंट लगा। उसे बचाते समय दूसरा भाई भी पहुंचा और उसे भी करंट लगा। कुछ ही देर में दोनों ने तड़पते हुए दम तोड़ दिया। घटना का पता रविवार सुबह उस समय चला जब यह दोनों ही वापस नहीं लौटे। परिजन खेत पर पहुंचे तो देखा कि दोनों के शव खेत में पड़े हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को निगरानी में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
भितरवार के गढ़ाजर निवासी 28 वर्षीय हेतराम कुशवाह पुत्र बालाराम कुशवाह अपने चचेरे भाई विष्णु कुशवाह (20) पुत्र उत्तम सिंह कुशवाह किसान है। शनिवार रात करीब 10 बजे खेत में पानी देने के लिए दोनों घर से निकले थे। खेत पर पानी का ट्यूबवेल चलाने के लिए सड़क से एक तार पर लाइन खींची गई थी। जब दोनों भाई खेत में पानी दे रहे थे तभी विष्णु बिजली के तार की चपेट में आ गया। जिस तरह का सीन स्पॉट पर पुलिस ने देखा है उससे लगता है कि विष्णु को करंट लगता देख हेतराम बचाने के लिए दौड़ा तो वह भी करंट की चपेट में आ गया। हादसे का पता रविवार सुबह उस समय लगा जब हेतराम और विष्णु के घर वापस नहीं लौटने पर परिजन खेत पर पहुंचे। दोनों के शव पड़े हुए थे। पास ही तार था। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शवों को निगरानी में लेकर मर्ग कायम कर लिया है। साथ ही हादसा कैसे हुआ जांच की जा रही है।
दोनों की मौत से गांव में पसरा मातम
मृतकों के भाई राजेन्द्र सिंह कुशवाह ने बताया कि दोनों खेत पर पानी देने गए थे। जहां मोटर लगी है वहां स्टाटर है। वहीं सुबह दोनों के शव पड़े मिले थे। पता नहीं किन हालात में उनको करंट लगा था। दोनों काफी मिलनसार थे और हर किसी की मदद के लिए हमेशा तैयार रहते थे। उनकी मौत के बाद से गांव में मातम पसर गया है।
इस मामले में थाना प्रभारी राजकुमारी परमार का कहना है कि खेत में पानी देने गए दो युवकों को करंट लगने से मौत हो गई है। करंट कैसे लगा किन हालातों में लगा यह जांच का पार्ट है। अभी शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।