यूपी में लूटकर ग्वालियर में छिपते थे, 13 बाइकें, तीन पिस्टल, एक कट्टा और कारतूस मिले

Oct 16 2021

ग्वालियर। व्यापारी को लूटने के लिए एकत्रित हुए अंतर्राज्यीय बदमाशों को डबरा देहात थाना पुलिस ने गश्त के दौरान पकड़ा है। पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ के बाद पुलिस ने 13 चोरी व लूटी हुई बाइके बरामद करने के साथ ही उनसे तीन पिस्टल, एक कट्टा और बका के साथ ही करीब एक दर्जन कारतूस भी बरामद किए हैं। पुलिस पूछताछ में पता चला है कि वह अलग-अलग राज्यों में वारदात को अंजाम देते हैं और पहली बार ग्वालियर में वारदात को अंजाम देने को तैयारी कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने लूट और चोरी का माल यहां पर खपाया है। इसका पता चलते ही पुलिस उनसे माल खरीदने वालों की तलाश में जुट गई है।
एएसपी देहात जयराज कुबेर ने बताया कि सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश डबरा देहात थाना क्षेत्र में किसी वारदात को अंजाम देने को तैयारी में हैं और उनके निशाने पर एक व्यवसायी है। इसका पता चलते हो डबरा देहात थाना प्रभारी सुमित सुमन व उपनिरीक्षक शुभम शर्मा के नेतृत्व में दो पुलिस टीम तैयार कर सचिंग शुरू कराई। तभी पांच युवक संदिग्ध हालत में खड़े दिखे, जो पुलिस को देखकर वापस लौटने लगे। शंका पर पुलिस ने उन्हें रोका तो वह भागने लगे। भाग रहे बदमाशों का पुलिस ने पीछा कर पकड़ा। भागने का कारण पूछने पर वह पुलिस से डरकर भागना बता रहे थे।
अलग-अलग स्थानों पर छिपाई थी बाइकें
पुलिस को पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि चोरी तथा लूटी गई 13 बाइके अभी उनके पास है और उन्हें उन्होंने अलग-अलग स्थानों पर छिपाया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर बाइके बरामद कर ली है। पुलिस पूछताछ में पता चला है कि पकड़े गए बदमाश यहां पर कई बार आ चुके हैं और चोरी व लूटा हुआ माल खपाया है। पहली बार उन्होंने यहां पर वारदात की योजना बनाई थी, लेकिन पकड़े गए। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
एसडीओपी विवेक शर्मा ने बताया कि पुलिस ने उनकी तलाशी लेना शुरू किया तो बदमाशों के पास से तीन पिस्टल, एक कट्टा, बका के साथ ही एक दर्जन जिन्दा कारतूस मिले हथियार बरामद होने के बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पुलिस के होश उड़ गए, क्योंकि पकड़े गए बदमाश शातिर लुटेरे हैं और उनके खिलाफ यूपी तथा अन्य राज्यों में कई अपराधिक मामले दर्ज है।
एक यूपी, तीन मुरेना तथा एक भिण्ड का है बदमाश
पुलिस पूछताछ में पता चला है कि पकड़े गए बदमाशों में एक यूपी के जालौन, तीन मुरैना और एक भिण्ड का बदमाश है। पुलिस अब इनका रिकार्ड खंगाल रही है, जिससे अन्य वारदातों का खुलासा हो सके।
अमित सांघी, एसपी ने कहा कि लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले पांच अंतर्राज्जीय बदमाशों को डबरा देहात थाना पुलिस ने पकड़ा है। पकड़े गए लुटेरों से तीन पिस्टल, कट्टा, बका के साथ ही कारतूस व 13 बाइकें बरामद हुई है। पूछताछ में अन्य वारदातों का खुलासा हो सकता है।