शराब तस्कर ने बंद फैक्ट्री में आलमारी में से सुरंग बनाकर 11 लाख की शराब छिपा रखी थी

Oct 16 2021

ग्वालियर। झांसी रोड पर विक्की फैक्ट्री के पास स्थित बाराघाटा में एक बंद पड़ी फैक्ट्री से भारी मात्रा अवैध शराब का भंडारण क्राइम ब्रांच व झांसी रोड थाना पुलिस ने पकड़ा है। पुलिस ने 11 लाख रुपये की कीमत की 147 पेटी अंग्रेजी शराब की चार पेटी देसी मसाला शराब की बरामद की है। पुलिस ने मौके से फिरोजाबाद उत्तर प्रदेश के दो युवकों को पकड़ा है। पुलिस का दावा है कि बरामद अवैध शराब प्रदेश में व्यापक स्तर पर अवैध शराब का कारोबार करने वाले महेश गुप्ता की है। अवैध शराब के कारोबार में बाधक बनने पर मनिया की हुई हत्या में महेश गुप्ता नामजद था। आरोपी हरियाणा, दिल्ली व राजस्थान से अवैध शराब की तस्करी अंचल के अलावा इंदौर व अन्य जिलों में करता है। आरोपी ने अपना स्थाई ठिकाना इंदौर व दिल्ली में बना रखा है। तस्कर ने बंद पड़ी फैक्ट्री में अलमारी में शराब का भंडारण करने के लिए कमरानुमा सुरंग बना रखी थी। इसके अलावा अवैध शराब का परिवहन करने में उपयोग आने वाली कार सहित दो वाहन भी बरामद किए है। एसपी अमित सांघी व एएसपी राजेश दंडोतिया भी मौके पर पहुंचे।
एसपी अमित सांघी के नेतृत्व में नशे के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम में पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है। पुलिस अधिकारियों की यह बात पहले से संज्ञान में थी महेश गुप्ता अंचल में व्यापक स्तर पर अवैध शराब की सप्लाई करता है। पुलिस को अवैध शराब के भंडारण के ठिकाने की तलाश थी। एसपी ने महेश गुप्ता के ठिकाने का पता लगाने के लिए सीएसपी रत्नेश तोमर को सौपा था। सीएसपी रत्नेश तोमर ने मनिया हत्याकांड में महेश गुप्ता को पकड़ा था। पुलिस को सूचना मिली कि शराब तस्कर ने विक्की फैक्ट्री के पास स्थित इंडस्ट्रियल एरिए बाराघाटा में बंद पड़ी अग्रवाल की फैक्ट्री में अंचल में अवैध शराब की तस्करी करने के लिए भंडारण करता है। इस फैक्ट्री में ट्रक के ट्रक अवैध शराब के उतरते हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर क्राइम ब्रांच व झांसी रोड थाना प्रभारी संजीव नयन शर्मा की टीम ने इस फैक्ट्री पर छापा मारा। पुलिस को फैक्ट्री की निगरानी करते हुए फिरोजाबादा उत्तर प्रदेश निवासी जीतू बघेल व विजय बघेल मिले। पुलिस को फैक्ट्री परिसर में एक कार व आयशर खड़ी मिली। पुलिस ने दोनों युवकों को संदेह के आधार पर सर्च करना शुरू किया। पहली बार पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा। पुलिस पहले भी अलमारी खुलकर देख चुकी थी। क्योंकि छोटी सी अलमारी में अवैध शराब के भंडारण की कल्पना नहीं की जा सकती थी। दूसरी बार में की गई सर्चिंग में अलमारी का दरवाजा खोलकर देखा। अंदर झांक कर देखने पर कमरानुमा सुरग नजर आई। दोनों संदेही युवकों ने बताया कि इसी अलमारी की सुरंग में अवैध शराब है।
अलमारी खोलकर उसके अंदर जवान को दाखिल करने पर कमरेनुमा सुरंग में 147 पेटी अवैध शराब की मिलीं। इनमें चार पेटी देसी मसाला शराब की मिलीं। बरामद शराब में ग्वालियर की गोवा व राजस्थान की रायल व्हिस्की है।
कार की डिक्की व पिछली सीट में मिला केबिन
पुलिस ने फैक्ट्री में खड़ी मिली कार को खोलकर बारीकी से परीक्षण करने पर पता चला कि कार की डिक्की से लेकर पिछली सीट तक अंडरग्राउंड कैबिन बना रखा था। इसी कार में अवैध शराब छिपाकर सप्लाई की जाती थी। इसके अलावा एक आयशर ट्रक भी बरामद किया है।
बाहरी लोगों को रखता है महेश गुप्ता
मनिया हत्याकांड में नामजद होने के बाद शराब तस्कर काफी सतर्क हो गया है। पहले शराब की खबर लीक होने पर मनिया पुलिस को अवैध शराब की सूचना देकर पकड़वा देता था और महेश गुप्ता से पैसा भी वसूलता था। महेश गुप्ता पर आरोप था कि उसने भाड़े के हत्यारों की मदद से मनिया की हत्या की है। इस हत्याकांड के महेश गुप्ता ने अवैध शराब के कारोबार में स्थानीय युवकों को शामिल करने की बजाए अन्य जिलों की मदद लेता है। ताकि उसकी कारोबार की भनक को नहीं लग सके। तीन माह पूर्व पनिहार थाना क्षेत्र से पकड़ी एक ट्रक अवैध शराब के मामले में महेश गुप्ता नामजद है। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही है।