पुरानी रंजिश पर फायरिंग, एक घायल महाराजपुरा थाना क्षेत्र के गिरगांव की घटना

Oct 12 2021

ग्वालियर। पुरानी रंजिश पर एक दर्जन हमलावरों ने खेत पर जुताई करने आए एक किसान को घेर कर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना महाराजपुरा थाना क्षेत्र के गिरगांव इलाके में मंगलवार की सुबह की है। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए पहुंचाया। जहां पर उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। 
पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के गिरगांव निवासी जितेन्द्र सिंह गुर्जर पुत्र दर्शन सिंह गुर्जर किसान है और मंगलवार की सुबह वह घर से ट्रैक्टर लेकर खेत पर पहुंचा और जुताई शुरू की थी कि तभी अचानक एक दर्जन के करीब हमलावरों ने उसे चारों तरफ से घेरकर फायरिंग कर दी। फायरिंग का पता चलते ही अन्य परिजन वहां पर पहुंचे तो हमलावरों ने उन पर भी फायरिंग की। दूसरी तरफ से फायरिंग होते देखकर हमलावर वहां से भाग निकले। मामले का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए भेज कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी। 
घायल के परिजनों ने पुलिस को हमलावरों के नाम हरेन्द्र लोधी, श्रीकृष्ण नरवरिया, भगवान सिंह लोधी, दीपक लोधी, रामलाल लोधी, टीकाराम लोधी, हरगोविन्द लोधी, अजब सिंह, राजकुमार तथा तीन अन्य बताए है। पुलिस ने उनकी शिकायत पर बताए गए आरोपियों के घरों पर टीम रवाना कर दी है। 
पीडि़त परिजनों ने बताया कि पास ही में चरी का खेत था, जिसमें सभी हमलावर छिपे हुए थे और जैसे ही वह ट्रैक्टर लेकर पहुंचे आरोपियों ने फायरिंग कर दी और करीब आधा सैकड़ा के करीब फायर किए।