शांता नर्सिंग होम में बच्ची की मौत पर हंगामा, हिंदू सेना ने किया घेराव

Oct 11 2021

ग्वालियर। पाटनकर चौराहा स्थित शांता नर्सिंग होम में बच्ची की मौत को लेकर सोमवार को हंगामा हो गया। हिंदू सेना के सदस्यों ने अस्पताल के बाहर घेराव भी किया। संगठन इस मामले को लेकर सीएसपी को ज्ञापन देकर शांता नर्सिंंग होम एवं बाल एवं शिशु रोग विशेषज्ञ के खिलाफ एफआइआर दर्ज करने की मांग करेगा।
हिंदू सेना के उपाध्यक्ष सोनू यादव निवासी सिकंदर कंपू की पांच माह की बेटी पिहू को बुखार आने पर सात अक्टूबर को शांता नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। बच्ची की पेट में सूजन होने के कारण उसे आइसीयू में भर्ती किया गया था। इसके बाद बीते रोज दोपहर में बच्ची को जनरल वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया था। रात में फिर से बच्ची की तबियत बिगड़ी तो उसे आइसीयू में शिफ्ट कर दिया गया। 
सोमवार सुबह अस्पताल के चिकित्सकों ने बच्ची को परिजनों को सौंप दिया और कहा कि इसे कहीं हायर सेंटर ले जाएं। परिजन बच्ची को लेकर पहले मुरार स्थित परिवार अस्पताल पहुंचे, जहां बच्ची को डेथ घोषित कर दिया। इसके बाद जेएएच भी गए, लेकिन निराशा ही हाथ लगी। इसके बाद परिजन वापस शांता नर्सिंग होम पहुंचे और चिकित्सकों से जानना चाहा कि आखिर मामूली बुखार से बच्ची की मौत कैसे हो गई। क्या मौत के कोई अन्य कारण भी थे। अस्पताल के स्टाफ ने जब कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया तो हंगामे की स्थिति निर्मित हो गई। इसी दौरान वहां पर हिंदू सेना के कार्यकर्ता भी पहुंच गए और घेराव कर दिया। संगठन इस मामले में बच्ची का उपचार करने वाले बाल एवं शिशु रोग विशेषज्ञ एवं शांता नर्सिंग होम के खिलाफ एफआइआर की मांग कर रहा है।