बेटी की शादी के लिए गहने और बर्तन खरीदने आए पिता की जेब से 50 हजार रुपए पार

Oct 11 2021

ग्वालियर। बेटी की शादी के लिए खरीदारी करने आए वृद्ध पिता की जेब से मासूम सा दिखने वाला बालक 50 हजार रुपए चोरी कर ले गया। फरियादी की बेटी की शादी 16 नवंबर की है। इसलिए वह गहने और बर्तन खरीदने जनकगंज के बाजार आए थे। जब वह बर्तन हाउस पर बर्तन खरीद रहे थे, तभी पास एक 12 से 13 साल का बालक आकर बैठ गया। कुछ देर बाद वह उठकर चला गया। जब फरियादी ने जेब से रुपए निकालने हाथ डाला तो उसमें 50 हजार रुपए नहीं थे। वारदात के बाद वृद्ध ने मामले की शिकायत जकनकगंज थाना में की है। पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर लिया है।
पुरानी छावनी निवासी 65 वर्षीय सलीम शाह पुत्र वीरा शाह रिटायर्ड सिक्युरिटी कर्मचारी हैं। दीपावली के बाद उनकी बेटी की शादी है। बेटी की शादी में एक साथ लोड न पड़े, इसलिए वह अभी से सारी खरीदारी कर रहे हैं। वह जेवर, बर्तन की खरीदारी करने के लिए जनकगंज क्षेत्र में यूनियन बैंक के पास श्रीराम बर्तन हाउस पर आए थे। वह बर्तन पसंद कर रहे थे, तभी उनके पास में एक 12 से 13 साल का बालक आकर बैठ गया। उन्होंने समझा कि किसी अन्य ग्राहक के साथ बालक आया होगा और दुकानदार ने उसे उनके साथ समझा। कुछ देर बैठने के बाद किशोर चला गया। बर्तन पसंद करने के बाद जब उन्होंने पैमेंट करने के लिए जेब में हाथ डाला, तो जेब फटी हुई थी और उसमें रखे पचास हजार रुपए नहीं थे। कुछ ही समय में उनको अपने साथ जेब कटी की वारदात का अहसास हो गया। पहले उन्होंने आसपास उस लड़के को तलाश किया, लेकिन जब कोई नहीं मिला तो जनकगंज थाना पहुंचकर मामले की शिकायत की है। पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर लिया है।
सलीम ने पुलिस को बताया कि किशोर अच्छे कपड़े पहने था। जिससे उन्हें लगा कि वह अच्छे घर-परिवार से है। इसलिए उस पर संदेह नहीं हुआ। वह मेरे पास आकर बैठ गया। करीब 4 से 5 मिनट बैठने के बाद वह बाहर चला गया। इसके बाद वह बाहर से कहां गया पता नहीं। कुछ देर बाद जब बर्तन का पैमेंट करने जेब में हाथ डाला तो चोरी का पता लगा।
त्योहार पर जेबकतरे सक्रिय
बाजारों में जैसे ही त्यौहारों की खरीदारी शुरू होती है, जेबकट गिरोह सक्रिय हो जाते हंै। ज्यादातर जेबकट गिरोह भीड़ भरे बाजारों और टेम्पो में वारदात को अंजाम देते हैं। जिससे उनके पकड़े जाने की संभावना कम रहे।
इस मामले में जनकगंज थाना प्रभारी संतोष सिंह यादव का कहना है कि जेबकट की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।