सील लगवाने 25 लाख का सोना लेकर गया कर्मचारी नहीं लौटा
Oct 11 2021
ग्वालियर। सराफा से एक कर्मचारी 25 लाख रुपए के गहने लेकर गायब हो गया है। व्यापारी ने बैग में जेवरात रखकर सील लगवाने के लिए कर्मचारी को दिए थे। कर्मचारी सील लगवाने तो पहुंचा पर लौटकर नहीं आया। जब काफी देर हो गई तो व्यापारी ने उसके बारे में पता किया। कर्मचारी का मोबाइल बंद आ रहा था। व्यापारी उस दुकान पर पहुंचा जहां सील लगती है। वहां कर्मचारी नहीं मिला। इसके बाद उसकी तलाश की गई। सराफा व्यवसायी कर्मचारी के घर पहुंचा तो वहां भी वह नहीं मिला। उसके दो दोस्त जो कुछ देर पहले तक उसके पास आए थे वह भी गायब हैं। व्यापारी ने मामले की सूचना पुलिस को दी है। इस मामले में कोतवाली थाने में संदेही कर्मचारी के खिलाफ अमानत में खयानत का मामला दर्ज कर लिया है। व्यापारी ने लापता कर्मचारी से जुड़े कुछ सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंपे हैं। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
कोतवाली स्थित सराफा बाजार के लड्डू वाला कॉम्प्लेक्स में जेपी ज्वैलर्स के नाम से सराफा दुकान है। इसके संचालक पोरसा मुरैना निवासी अमित पुत्र गोपालदास गर्ग हैं। अभी वह चिटनिस की गोठ में रहते हैं। उनके यहां गोल पहाडिय़ा बिजलीघर निवासी शुभम शर्मा कर्मचारी था। उसे उसके भाई राहुल शर्मा ने अपनी गारंटी देकर रखवाया था। राहुल को वह जानते थे क्योंकि राहुल उनके पास ही सिंघई ज्वैलर्स पर काम करता था। अभी वह सौरभ ज्वैलर्स के यहां कर्मचारी है। शुभम को अमित गर्ग ने करीब 490 ग्राम सोना के जेवरात लेकर होलमार्क सील लगवाने के लिए अमोला सेंटर पर भेजा था। काफी देर तक जब कर्मचारी लौटकर नहीं आया तो व्यापारी को टेंशन हुई। उन्होंने अपने स्तर पर छानबीन शुरू की। अमोला सेंटर पर पूछताछ की तो पता लगा कि सील लगवाने के बाद शुभम निकल गया है, लेकिन काफी देर बाद भी वह जेपी ज्वैलर्स पर नहीं पहुंचा। इसके बाद व्यापारी शुभम के घर पहुंचा तो वहां वह नहीं मिला, उसका मोबाइल भी दुकान से निकलने के बाद बंद आ रहा था। आखिर में जब ठगी का अहसास हुआ तो व्यापारी ने कोतवाली थाना पहुंचकर मामले की शिकायत की। पुलिस ने आरोपी कर्मचारी शुभम शर्मा के खिलाफ अमानत में खयानत का मामला दर्ज कर लिया है।
व्यापारी के अनुसार बैग में 8 चेन, 8 मंगलसूत्र, महिला अंगूठी 30, पुरुष अंगूठी 11, कान के झाले पांच नग, कान की बाली 21 जोड़े। जिनका कुल वजन 490 ग्राम है। लगभग बाजार में कीमत 25 लाख रुपए है। इसके अलावा बैंक की पासबुक, खाली चैकबुक रखी हुई थी।
कर्मचारी के दोस्तों पर भी संदेह
व्यापारी ने पुलिस के सामने शुभम शर्मा पर संदेह के साथ-साथ उसके दो दोस्त राजेश पंडित, नत्थी शर्मा निवासी गोल पहाडिय़ा पर भी संदेह जताया था। यह दोनों लगातार उससे मिलने आते थे। घटना के बाद से यह दोनों भी नहीं मिले हैं।
सीसीटीवी में बैग लेकर जाता दिखा शुभम
रविवार को व्यापारी ने पुलिस को दुकान के बाहर का एक सीसीटीवी कैमरे का फुटेज भी दिया है। जिसमें लापता कर्मचारी शुभम शर्मा निवासी गोल पहाडिय़ा बैग लेकर जाता दिखा है। वह लाल शर्ट पहने हुए हैं। पुलिस ने फुटेज ले ली लिए हैं और लापता शुभम शर्मा की तलाश शुरू कर दी है। सराफा बाजार में जेवरात लेकर गायब होने की यह कोई पहली घटना नहीं है। सराफा बाजार में विश्वास पर ही हर दिन करोड़ों का कारोबार होता है।
संपादक
Rajesh Jaiswal
9425401405
rajeshgwl9@gmail.com
MP Info News
Invalid RSS feed URL.
ब्रेकिंग न्यूज़
विज़िटर संख्या
अन्य ख़बरें
-
-
-
*हेमू कालानी जन्मोत्सव मिष्ठान वितरण कर बनाया* *
—03/23/2019 -









