हेरिटेज थीम पर बनेगा आईएसबीटी, होगी ऊर्जा की बचत और जल संरक्षण

Oct 08 2021

ग्वालियर। स्मार्ट सिटी डेवलपमेंट कारपोरेशन लिमिटेड की बोर्ड मीटिंग कमांड कंट्रोल सेंटर में सम्पन्न हुई। बैठक में स्मार्ट सिटी के अन्तर्गत किये जा रहे विकास कार्यों की बिन्दुवार समीक्षा संचालक मंडल द्वारा की गई। बैठक में सीईओ स्मार्ट सिटी जयति सिंह, बोर्ड मीटिंग में निदेशक मंडल के निदेशक प्रशान्त मेहता सहित अन्य सम्बंधित अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह, निगमायुक्त किशोर कान्याल सहित अन्य सदस्यों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अपनी भागीदारी दी।
बैठक की शुरुआत में स्मार्ट सिटी द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यो की प्रगति की विस्तृत जानकारी से निदेशक मंडल को अवगत कराया गया। बैठक में सीईओ स्मार्ट सिटी सिंह ने अंतरराज्यीय बस टर्मिनल को बनाये जाने को लेकर विस्तृत जानकारी बोर्ड से साझा की। उन्होंने बताया कि स्मार्ट सिटी मिशन के ट्रांजिट ओरियंटेड डेवलपमेंट के अंतर्गत यह एक महत्वपूर्ण परियोजना हैं जिसका लाभ शहरवासियों को मिलेगा। आईएसबीटी का स्वरुप हेरिटेज थीम पर आधारित होगा तथा इसका निर्माण ग्रीन बिल्डिंग कान्सेप्ट के तहत किया जायेगा। उर्जा बचत, जल संरक्षण, प्राकृतिक प्रकाश जैसे ग्रीन घटक इसके निर्माण में अहम भूमिका निभायेगे। इस परियोजना की निविदा प्रक्रिया पूर्ण की जा चुकी है।
बैठक में इस परियोजना की आगामी कार्ययोजना हेतु सर्वसम्मति से बोर्ड द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई। जिसके बाद अब यह परियोजना जल्द ही शुरू हो सकेगी। बैठक में बोर्ड के समक्ष स्मार्ट सिटी द्वारा बायोडायवर्सिटी पार्क डेवलपमेंट परियोजना के बारे में विस्तार से चर्चा की गई। इस परियोजना को निदेशक मंडल द्वारा आज आयोजित बैठक में सैद्धान्तिक स्वीकृति प्रदान की गई। कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह द्वारा शहरवासियों के लिए महत्वपूर्ण आईएसबीटी परियोजना को आगामी कार्ययोजना बनाकर क्रियान्वित करने के लिए निर्देशित किया गया। साथ ही सिंह ने बायोडायवर्सिटी पार्क की प्रारंभिक रिपोर्ट पर संतुष्टि जाहिर करते हुए विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने के लिए भी निर्देशित किया।