स्टे के बाद भी रातों-रात दुकान तोड़ी, थाना स्टाफ ने भगाया

Oct 04 2021

ग्वालियर। न्यायालय द्वारा दिए स्टे के बाद भी जमीन मालिक ने जेसीबी लगाकर दुकान तोड़ डाली। घटना इंदरगंज थाना क्षेत्र के नौगजा रोड की है। घटना का पता चलते ही पीडि़त ने पुलिस से शिकायत की, लेकिन पुलिस ने उनकी नहीं सुनी तो पीडि़त पुलिस कप्तान से मिला। पुलिस कप्तान ने मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। लकडख़ाना निवासी शाहिल खान पुत्र गनी खान पेशे से पेंटर है और नौगजा रोड पर उनकी शॉप है। कुछ समय से मकान मालिक अजीत जैन, राकेश जैन, अमित जैन तथा सरोज देवी से विवाद चल रहा है। जिसका मामला न्यायालय में है और न्यायालय ने दुकान खाली कराने, निर्माण और तोडफ़ोड़ पर स्टे दिया है। बीती रात अजीत जैन अपने परिजनों के साथ पहुंचे और जेसीबी लगाकर दुकान तोडऩा शुरू कर दिया। मामले का पता चलते ही पीडि़त मौके पर पहुंचा और तोडफ़ोड़ कर रहे लोगों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने उसकी एक ना सुनी।
मामले की शिकायत करने के लिए पीडित थाने पहुंचा और मामले की शिकायत की। लेकिन पुलिस ने उनकी शिकायत नहीं सुनी। तब तक आरोपियों ने दुकान तोड़ डाली।
पुलिस द्वारा सुनवाई ना करने पर पीडि़त पुलिस कप्तान अमित सांघी के पास पहुंचा और शिकायत की। पुलिस कप्तान ने उनकी शिकायत पर कार्रवाई का भरोसा दिया। साथ ही पुलिस को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया।