राष्ट्र और समाज के निर्माण में महिलाओं की अहम भूमिका- प्रद्युम्न सिंह

Oct 04 2021

ग्वालियर। जिस घर में नारी का सम्मान होता है उस घर में हमेशा खुशियां होती हैं। इसलिए हमारी संस्कृति में अनादिकाल से नारी शक्ति को पूजते आ रहे हैं। यह बात ऊर्जामंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने जिला पंचायत के सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में कही। उन्होंने कहा कि राष्ट्र और समाज के निर्माण में महिलाओं की अहम भूमिका रही है। जिला पंचायत में जिस समय यह आयोजन चल रहा था उस समय थोड़ी देर के लिए लाईट बंद हो गई थी।
राष्ट्रीय नारी सशक्तीकरण संघ द्वारा मध्य प्रदेश गौरव रत्न सम्मान समारोह का आयोजन किया। इसमें ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने 101 अलग-अलग क्षेत्रों में कार्य करने वाली नारी शक्ति व नारी को बढ़ावा देने वाले पुरूषों का संस्था की ओर से सम्मान किया। उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहाकि महिलाओं का सम्मान करने से समाज में अच्छा काम करने वाली महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ता है। जिला पंचायत प्रशासकीय समिति की अध्यक्ष मनीषा यादव ने कहा कि जैसे मैं जिला पंचायत अध्यक्ष बन सकती हूं तो आप सब भी ऊंचे पदों पर पहुंच सकते हो। इस अवसर पर भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष दर्शन चौधरी, पूर्व महापौर समीक्षा गुप्ता, जिला पंचायत प्रशासकीय समिति के उपाध्यक्ष शंतिशरण गौतम तथा गौरी शंकर धाकड़, संस्था अध्यक्ष राजकुमार धाकड़ व डॉ. वीना कुर्रे आदि उपस्थित थे।