लक्ष्मीगंज की नई व पुरानी दोनों सब्जी मंडियां खोलने पर बनी सहमति

Oct 03 2021

ग्वालियर। लॉकडाउन की वजह से लक्ष्मीगंज सब्जी मंडी के जिन छोटे-छोटे सजी दुकानदारों का कारोबार प्रभावित हुआ था उनके लिए खुशखबरी है। अब नई सब्जी मंडी के साथ-साथ पुरानी सब्जी मंडी में भी सब्जी कारोबारी कोरोना गाइड लाइन को ध्यान में रखकर अपनी दुकानें लगा सकेंगे। उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री भारत सिंह कुशवाह की पहल पर सब्जी मंडी के दोनों पक्षों की मौजूदगी में इस बात पर सहमति बनी है।
श्री कुशवाह रविवार की सुबह सब्जी कारोबारियों के दोनों पक्षों के साथ लक्ष्मीगंज पहुँचे और नई व पुरानी सब्जी मंडी परिसर का जायजा लिया। इस अवसर पर कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, एसडीएम लश्कर अनिल बनवारिया व मंडी सचिव सहित अन्य सबंधित अधिकारी भी उनके साथ थे।
सर्किट हाउस पर बैठक ली
निरीक्षण के बाद श्री कुशवाह ने गांधी रोड सर्किट हाउस पर बैठक ली। मंत्री श्री कुशवाह ने बताया जिन कारोबारियों को नई सब्जी मंडी की दुकानों आवंटित हैं वे पूर्व की भांति उन्हीं दुकानों से सब्जी का कारोबार कर सकेंगे। जैसे-जैसे और दुकानें बनतीं जाएँगी, पुरानी सब्जी मंडी के कारोबारी उन दुकानों में शिफ्ट होते जाएँगे।
शपथ पत्र देंगे कि पक्की दुकानों के आगे किसी को सब्जी बेचने नहीं बिठाएंगे
बैठक में यह भी निर्णय हुआ कि सब्जी मंडी की लगभग 72 पक्की दुकानों के कारोबारी इस आशय का शपथ-पत्र देंगे कि वे अपनी दुकानों के आगे किसी को भी सब्जी बेचने के लिए नहीं बिठायेंगे। सुव्यवस्थित ढंग से सब्जी व्यवसाय और कोरोना गाइड लाइन को ध्यान में रखकर यह निर्णय लिया गया है।
मुख्य सड़क से पुरानी लक्ष्मीगंज मंडी का रास्ता बंद होगा
सड़क यातायात को सुचारू बनाये रखने के उद्देश्य से पुरानी लक्ष्मीगंज मंडी से मुख्य सड़क मार्ग को जोडऩे वाला रास्ता बंद किया जाएगा। मंडी के मेन रास्ते से नई और पुरानी सब्जी मंडी जाया जा सकेगा।