ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह ने जमीन पर बैठकर सुनी सफाई कर्मचारियों की समस्याएं, कर्मचारी बोले-सात हजार में क्या होता है

Oct 03 2021

ग्वालियर। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने रविवार को जनमित्र केंद्र पांच कमेटी हाल कांच मिल में जमीन पर बैठकर सफाई कर्मचारियों की समस्याएं सुनी। इस दौरान कर्मचारियों ने कहा कि आप ही बताएं सात हजार रुपये में क्या होता है। इस पर मंत्री ने कहा कि आप लोग चिंता न करें, जो बेहतर से बेहतर हो सकेगा वह आप लोगों के लिए किया जाएगा।
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर हमेशा ही अपने अनोखे अंदाज के लिए चर्चाओं में रहते हैं। इस बार ऊर्जा मंत्री जमीन पर बैठकर सफाई कर्मचारियों की समस्याएं सुनने को लेकर चर्चा में हैं। ऊर्जा मंत्री रविवार सुबह कांच मिल कमेटी हाल में अमृत महोत्सव के तहत सफाई कर्मचारियों को सम्मानित करने के लिए पहुंचे थे। यहां पर मंत्री पहुंचे तो सफाई कर्मचारियों ने अपनी समस्याएं बताना शुरू कर दिया। यह देख मंत्री ने कहा कि आइए आराम से बैठकर अपनी समस्याएं बताईए। इसके बाद सफाई कर्मचारी जब जमीन पर बैठे तो ऊर्जा मंत्री भी जमीन पर बैठ गए। कर्मचारियों की समस्या सुनने के बाद ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने मौके से ही जेडो को फोन लगाकर समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए। साथ ही कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि वह इन मामलों को लेकर नगर निगम आयुक्त से चर्चा करेंगे। इस दौरान मंत्री ने तीस सफाई कर्मचारियों को माला पहनाकर एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
इनके पास सभी हथियार तो हैं
ऊर्जा मंत्री ने सफाई कर्मचारियों से चर्चा की, इस दौरान उन्होंने सफाई सुपरवाइजर से पूछा कि इनके पास सभी हथियार तो हैं। इस पर कर्मचारियों ने बताया कि कई साधन उनके पास नहीं है। इस पर ऊर्जा मंत्री ने जेडो को निर्देश दिए कि वह कर्मचारियों को जरूरी संसाधन उपलब्ध कराएं।