तीन बदमाशों ने युवक पर की ताबड़तोड़ फायरिंग, हालत गंभीर

Oct 01 2021

ग्वालियर। आम आदमी पार्टी के दक्षिण विधानसभा क्षेत्र उपाध्यक्ष पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की है। आप नेता पर 4 गोलियां चलाई गई हैं। हमले में हाथ पेट व सीने पर आप नेता को गोली लगी है। घटना विजय नगर की है। घायल को गंभीर हालत में जेएएच के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। हमलावरों की पहचान भी हो गई है। इनमें से दो हमलावर दो साल पहले तक आप नेता के गहरे दोस्त थे। दोनों का एक दूसरे के घर पर भी आना जाना था। पर घर में ही ऐसा कुछ हुआ कि दोनों में दुश्मनी ठन गई। पुलिस ने हमलावरों पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।
शहर की नई सड़क बावन पायगा निवासी अतुल शर्मा सेकंड हैंड कार का व्यवसाय करते हैं। कंपू के विजय नगर आमखो में उसका काली गैराज नाम से गैराज है। इसके साथ ही वह आम आदमी पार्टी में दक्षिण विधानसभा के उपाध्यक्ष हैं। आप पार्टी में उनकी सक्रिय भूमिका है। रात गैराज बंद होने के बाद वह अभी बाहर ही निकले थे कि उसी समय तीन बदमाश बाइक पर सवार होकर आए और अतुल को आवाज लगाई, जैसे ही अतुल पलटकर देखा तो बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अतुल ने भागकर जान बचाने की कोशिश की लेकिन तब तक सीने, पेट, हाथों में गोली लगने से अतुल घायल हो चुका था। इसके बाद भी वह घायल अवस्था में गैराज के अंदर पहुंच गया। यहां अपने साथी जितेन्द्र के सामने जमीन पर गिर पड़े। वह बाहर देखने आए तो हमलावर भाग चुके थे। इसके बाद घायल को तत्काल जेएएच के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की छानबीन में नाकाबंदी कर दी। घायल ने पुलिस को बताया कि गोली मारने वालों में शुभम राजौरिया समेत उसके दो दोस्त शामिल है। शुभम से अतुल की पुरानी रंजिश चल रही थी 2 साल पहले दोनों के बीच झगड़ा भी हुआ था। उस झगड़े के बाद से ही शुभम ने अतुल को जान से मारने की धमकी दी थी। घायल के बयान के बाद पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।
घायल के दोस्त जितेन्द्र ने बताया कि सुबह अपने गैराज पर गया था रात के समय गैराज बंद होने से पहले ही तीन लोग बाइक पर सवार होकर आए और अतुल को आवाज लगाई, जैसे ही अतुल ने देखा तो बदमाशों ने ताबातोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अतुल ने भागकर जान बचाने की कोशिश की लेकिन तब तक शरीर में गोली और छर्रे लग चुके थे। अतुल भागते नहीं तो उनकी जान भी चली जाती।
 इस मामले में कंपू टीआई रामनरेश यादव का कहना है कि पुरानी रंजिश के चलते युवक पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने फायरिंग की है। युवक पर 4 गोलियां चलाकर बदमाश फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल हुए युवक को साथियों ने अस्पताल पहुंचाया। जहां उसकी उसका इलाज किया जा रहा है। हमलावरों में एक ही पहचान हुई है हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया गया है।