दिन दहाड़े पैदल आया बदमाश ऑटो में बैठी युवती से झपट्टा मारकर लूट ले गया चेन

Sep 30 2021

ग्वालियर। एक बार फिर दिन दहाड़े चेन लूट की वारदात हुई है। बाजार जाने के लिए ऑटो में बैठी सॉफ्टवेयर इंजीनियर पर झपट्टा मारकर पैदल आया युवक चेन लूट ले गया है। घटना द्वारिकापुरी की है। बदमाश दौड़ते हुए अपोलो हॉस्पिटल की ओर भागा है। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है। घटना स्थल के पास ही एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में वारदात के बाद भागता हुआ लुटेरा दिख रहा है। लूट से पहले एक संदेही रैकी करता भी दिख रहा है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को निगरानी में लेकर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी।
हैदराबाद निवासी 29 वर्षीय प्राची स्वामी पत्नी अंकित स्वामी सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। ग्वालियर के द्वारिकापुरी में प्राची का मायका है। यहां उसके पिता अनिल और मां ममता रहते हैं। एक अक्टूबर को प्राची के दादा का पटा है। इसलिए वह हैदराबाद से ग्वालियर आई है। प्राची अपनी मां के साथ सराफा बाजार कुछ खरीदारी करने जा रही थी। उसने ओला कैब ऑनलाइन मंगाई थी। जिसमें ऑटो आया था। घर के दरवाजे पर ऑटो आते ही प्राची उसमें बैठ गई, जबकि उसकी मां अंदर कुछ सामान लेने चली गई। इसी बीच एक पीले रंग की टीशर्ट पहने लड़का पैदल-पैदल आया और ऑटो के अंदर बैठी प्राची के गले पर झपट्टा मारकर 2 तौला बजनी सोने की चेन खींच ले गया। वारदात के बाद प्राची ने शोर भी मचाया और उसके पीछे भागी, लेकिन लुटेरा तेज रफ्तार में दौड़ते हुए अपोलो हॉस्पिटल की तरफ भाग गया। घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। साथ ही लुटेरे की जांच शुरू की।
सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में दिखे दो बदमाश
घटना के बाद जब पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज चेक किए तो पूरी घटना में दो बदमाश दिख रहे हैं। जिस बदमाश ने झपट्टा मारा था उससे पहले एक युवक रैकी करता हुआ दिखाई दिया है। उसने ऑटो में बैठी युवती देखा और आगे निकल गया। फिर पीछे से दूसरा बदमाश आया और झपट्टा मारकर चेन लूट ले गया। जब प्राची चिल्लाते हुए लुटेरे के पीछे भागी तो पहले जा रहे युवक ने उसे पकडऩे का जरा भी प्रयास नहीं किया। इसके बाद वह भी गायब हो गया। पुलिस यह फुटेज लेकर बदमाशों की तलाश कर रही है।
 प्राची स्वामी ने पुलिस को बताया कि जिस लड़के ने उनके गले पर झपट्टा मारकर चेन लूटी है वह पीले रंग की टीशर्ट पहने हुए था। उसने मुंह पर मास्क पहने हुए था। बाल घुंघराले से थे। दूसरा रैकी करने वाले लड़के का भी उसकी ही कद काठी का था। दोनों की उम्र 25 से 26 साल के बीच की रही होगी।