साले का लड़का ही निकला चोर, पुलिस ने दबोचा

Sep 25 2021

ग्वालियर। शहर में 20 दिन पहले एक घर से लाखों रुपए के जेवर चोरी हो गए थे। चोरी की घटना का खुलासा उस समय हुआ जब महिलाएं शादी समारोह में शामिल होने जा रही थी तो अलमारी में से जेवर गायब थे। इस मामले की रिपोर्ट पुलिस थाने में की गई। प्रथम नजर में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाला नजदीकी होना स्पष्ट था। पुलिस ने जब इस मामले की गहराई से पड़ताल की। फरियादी के साले के लड़के पर शक गया। पुलिस ने जब आरोपी से पूछताछ की तो उसने वारदात कबूली और पुलिस को बताया कि उसने चोरी की घटना को अंजाम देने से पहले परिवार वालों को प्रसाद खिलाया था। जिसमें नशीली दवा मिली थी। यह घटना मुरार थाना क्षेत्र के तिरुपति विहार कॉलोनी के खुरेरी बड़ागांव की है।
मुरार थाना पुलिस के मुताबिक तिरुपति विहार कॉलोनी के खुरेरी बड़ागांव में रहने वाले जितेंद्र के घर 28 अगस्त को साले का लड़का भूपेंद्र रजक और दोस्त अजय रजक आए थे। भूपेंद्र रजक ने अपने फूफा जितेंद्र को कहा कि मैं अभी शीतला माता मंदिर से पूजा करके आया हूं। यह प्रसाद लीजिए इसके बाद भूपेंद्र रजक ने फूफा जीतेंद्र और अन्य परिवारजनों को माता के प्रसाद में नशीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया। यह प्रसाद ग्रहण करते ही पूरा परिवार गहरी नींद में सो गया। इसके बाद भूपेंद्र ने अपने दोस्त अजय रजक के साथ मिलकर फूफा के घर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात चुरा कर भाग गया। इसके दो से तीन दिन बाद ही जितेंद्र रजक का परिवार अपने रिश्तेदार की शादी में शामिल होने जा रहा था। 
जीतेंद्र की पत्नी जानकी ने शादी में शामिल होने से पहले जेवरात निकालने के लिए जैसे ही अलमारी खोली तो उसमें रखे करीब 4 लाख रुपए के सोने चांदी के जेवरात गायब थे। अलमारी में जेवरात न होने पर पूरे घर में हड़कंप मच गया। इसके बाद परिवार वालों ने एक दूसरे पर जेवर चोरी का शक किया फिर सभी को जीतेंद्र के घर आने की याद आई। फरियादी जितेंद्र रजक ने थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर शक के आधार पर भूपेंद्र को पकड़ और पूछताछ की। इस पर उसने अपने दोस्त अजय रजक के साथ चोरी किए जाने की घटना कबूली।
पुलिस कर्मियों को माला पहनाकर किया सम्मानित
फरियादी जितेंद्र रजक ने पुलिस के द्वारा चोर को पकड़ कर चोरी किया गया माल बरामद करने पर उनका आभार व्यक्त करने के लिए फूल माला पहनाकर धन्यवाद दिया है। फरियादी का कहना है कि पुलिस की सजगता से मेरे घर चोरी गया सोना-चांदी वापस आ सका।