रावण के स्वरूप में 26 सितंबर को जलाया जाएगा 100वें सांसद का पुतला

Sep 22 2021

ग्वालियर। संकट मोचन सेवा समिति महिलाओं के स्वास्थ्य को बचाने एवं प्राकृतिक रूप से प्रसव सुनिश्चित कराने के लिए लंबे समय से अभियान चला रही है। बालाजी सरकार के जगबीर दास तोमर ने बताया कि महिला शक्ति के समर्थन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 26 सितंबर को 100 वें सांसद का पुतला रावण के स्वरूप में जलाया जाएगा। समिति अपनी मांग व व्यवस्था में सुधार लाने के लिए पहले से ही केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री, प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री, मुख्यमंत्री सहित देश के सभी सांसदों को ज्ञापन भेज चुकी हैं, लेकिन उनके द्वारा निजी अस्पतालों में अनावश्यक अप्राकृतिक (सीजेरियन आपरेशन) डिलीवरी रोकने की कोई पहल नहीं की गई। सामान्य प्रसव कराने की दिशा में भी अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। किसी सांसद ने इस मुद्दे पर संसद में कोई बात तक नहीं की है। जिससे निराश होकर संकट मोचन सेवा समिति ने देश के सभी सांसदों के पुतले जलाने का निर्णय लिया और 19 जून से प्रतिदिन मंदिर के गेट पर एक सांसद का पुतला जलाया जा रहा है। इस कड़ी में 26 सितंबर को समिति द्वारा 100वें सांसद का पुतला दहन किया जाएगा। तोमर ने कहा कि उनका अब एक ही लक्ष्य है कि सभी के चेहरों पर मुस्कान हो और लूट-खसोट, मिलावट बंद हो। मंदिर के सेवकों का कहना है कि सिजेरियन डिलेवरी से महिलाओं में कमजोरी आती है।