सुबह से शुरू हुई झमाझम बारिश, गर्मी से मिली राहत

Sep 22 2021

ग्वालियर। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र की वजह से बुधवार को शहर का मौसम बदल गया। सुबह आसमान मेें काली घटा छा गईं। बादल खूब गरजे व चमके, साथ ही उसके अनुसार जमकर बरसे भी। सुबह हुई झमाझम बारिश ने शहर को तर कर दिया। इससे सड़कों पर जलभराव हो गया। सिस्टम अंचल के नजदीक आ रहा है। वहीं तेज बारिश 23 सितंबर से संभावित हैंं,जो 8 दिनों तक जारी रह सकती हैं।
बंगाल की खाड़ी से एक चक्रवातीय घेरा आगे बढ़ रहा था, लेकिन उड़ीसा के ऊपर आते-आते यह कम दबाव के क्षेत्र में बदल गया है। इस कम दबाव के क्षेत्र की वजह से हवा में नमी आना शुरू हो गई है। गत दिवस शहर का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। गर्मी के कारण नमी बादलों में बदल गई। दोपहर तीन बजे के बाद काली घटाएं छा गई। हल्की बारिश करके विदा हो गई, लेकिन बुधवार को सुबह से झमाझम बारिश शुरू हो गई। सुबह के समय हुई बारिश से मौसम में ठंडक आ गई। इस बारिश से दोपहर में उमस से राहत रही। 
मानसून ट्रफ लाइन भी दे रही साथ
मानसून ट्रफ लाइन ग्वालियर चंबल संभाग व कोटा से होते हुए गुजर रही है। पूर्वी राजस्थान में चक्रवातीय घेरा बना हुआ है। इस कारण नमी आना जारी है। बंगाल की खाड़ी के कम दबाव के क्षेत्र की वजह से नमी बढ़ गई है। कम दबाव का क्षेत्र अगले 24 घंटे में आगे बढ़ेगा। जैसे-जैसे यह ग्वालियर-चंबल संभाग के नजदीक आएगा, बारिश में तेजी आएगी। 22 सितंबर को हल्की बारिश होगी। 23 से 26 सितंबर के बीच तेज बारिश हो सकती है। 29 सितंबर को नया सिस्टम विकसित हो रहा है। इस सिस्टम से बारिश अक्टूबर में भी जारी रह सकती है।
अक्टूबर के पहले सप्ताह बाद मानसूून कमजोर पडऩे लगेगा। अक्टूबर के दूसरे हफ्ते में मानसून की वापसी की शुरुआत होगी। जिले में औसत 95 फीसद बारिश हो चुकी है। दो सिस्टम आ रहे हैं, उनसे औसत की पूर्ति हो जाएगी।