सिंधिया के विरोध में कांग्रेस ने दिया धरना

Sep 22 2021

ग्वालियर। केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के रोड के विरोध में कांग्रेस ने फूलबाग पार्क के सामने सड़क पर बैठकर धरना दिया है। जनता से जुड़े मुद्दों पर प्रदर्शन करने पर कांग्रेस नेताओं के खिलाफ एफआईआर करने और सिंधिया को खुलेआम रोड शो कर भीड़ जुटाने की इजाजत देने से कांग्रेस आक्रोशित हैं। इस दौरान कांग्रेस नेता ने सिंधिया पर तंज कसते हुए कह रहे हैं कि जब शहर के लोग कोरोना से मर रहे थे, उन्हें उपचार नहीं मिल रहा था।
ऑक्सीजन के लिए भटक रहे थे और रेमडेसिविर इंजेक्शन ब्लैक में मिल रहा था। तब खुद को जन-जन के नेता बताने वाले सिंधिया कहां गायब थे अब अपना स्वागत कराने शहर में निकल रहे हैं। जिसका कांग्रेस सख्त विरोध करती है और करती रहेगी। धरना प्रदर्शन में पूर्व मंत्री व विधायक लाखन सिंह, ग्वालियर पूर्व से विधायक सतीश सिंह सिकरवार, डबरा विधायक सुरेश राजे, जिलाध्यक्ष देवेन्द्र शर्मा, कांग्रेस नेता अशोक सिंह प्रदेश प्रवक्ता आरपी सिंह व अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। सिंधिया के खिलाफ विरोध प्रदर्शन में महिला कांग्रेसियों ने भी बढ़ चढ़कर भाग लिया
लोग परेशान हैं इन्हें स्वागत कराने की पड़ी है
धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस शहर जिला अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा ने कहा कि एक संविधान दो विधान चलाने वाली भाजपा सरकार के नेता सिंधिया कोविड से पीडि़त मृतकों के परिवार के दुख में सम्मिलित न होकर स्वागत कराने आए हैं। वहीं बाढ़ से बेघर हुए किसानों, ग्रामीणों को राहत देने के बजाए स्वागत करवाने के लिए आतुर हैं। रोजगार पाने के लिए दर-दर भटक रहे बेरोजगारों को रोजगार दिलाने के बजाए स्वागत सत्कार करा रहे हैं। महंगाई से दो वक्त की रोटी खाने के लिए हर वर्ग तरस रहा है। इस तरह की ज्यादती और झूठ को कांग्रेस सहन नहीं करेगी, वह इन पीडि़तों के साथ तब भी खड़ी थी और आज भी खड़ी है।
अपनी मर्जी से कानून चलाती है भाजपा
पूर्व मंत्री बालेंदु शुक्ल, ग्रामीण कंाग्रेस अध्यक्ष अशोक सिंह, मप्र शासन के पूर्व मंत्री विधायक लाखन सिंह यादव, विधायक सतीश सिंह सिकरवार, विधायक सुरेश राजे, प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा ने कहा कि विपक्षी दलों पर प्रकरण दर्ज करने के लिए कानून कुछ और है, भाजपा सत्ताधारी दल पर कानून कुछ और। ऐसे में धरना डॉ. अंबेडकर के संविधान को बचाना और उसकी रक्षा करना है।