चेन पुलिंग में फंसे सिंधिया के करीबी रिटायर्ड आइएएस, आरपीएफ जवानों को दी धमकी वर्दी उतरवा दूंगा

Sep 21 2021

ग्वालियर। दिल्ली से मुंबई जा रही राजधानी एक्सप्रेस में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के करीबी और रिटायर्ड आइएएस प्रशांत मेहता ने चेन पुलिंग कर दी। घटना आगरा कैंट रेलवे स्टेशन की है। रिटायर्ड आइएएस का बेटा कुछ सामान खरीदने उतरा था। जब व्हीआईपी ट्रेन के बिना किसी कारण के लेट होने की सूचना ऊपर तक पहुंची तो आरपीएफ के जवानों ने चेन पुलिंग करने वाले यात्री का पता लगाया। वे प्रशांत मेहता के पास पहुंचे तो वे आरपीएफ के जवानों पर रौब झाडऩे लगे। उन्होंने कहा, मैं आइएएस हूं, एक मिनट में वर्दी उतरवा दूंगा।
इस पूरे मामले का आरपीएफ की टीम ने उनका वीडियो शूट कर लिया। रिटायर्ड आइएएस के बहस करने और अपनी गलती न मानने के कारण 9 मिनट तक राजधानी एक्सप्रेस प्लेटफार्म पर खड़ी रही। आखिर में रेलवे पुलिस को उन पर एफआईआर दर्ज करनी पड़ी। पूरा घटनाक्रम 19 सितंबर 2021 की शाम 7 बजे का है। इसका वीडियो मंगलवार सुबह सामने आया है।
चेन पुलिंग होते ही हरकत में आई आरपीएफ
हजरत निजामुद्दीन-मुंबई राजधानी एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 01222) का आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर दो मिनट का स्टॉपेज है। रविवार को ट्रेन शाम 07.03 बजे कैंट स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर पहुंची। जब दो मिनट बाद ट्रेन रवाना होने लगी तो अचानक किसी ने चेन पुलिंग कर दी, जिसके बाद ट्रेन स्टेशन पर खड़ी हो गई। ट्रेन के रुकते ही आरपीएफ हरकत में आ गई। आरपीएफ कैंट थाना प्रभारी सुरेंद्र चौधरी तत्काल अपनी टीम के साथ ट्रेन में पहुंचे।
दिल्ली से ग्वालियर जाने के लिए पकड़ी थी ट्रेन
इधर, आगरा मंडल के डीआरएम ने भी फोन कर चेन पुलिंग का कारण पूछा। आरपीएफ ने यात्रियों से पता किया तो मालूम पड़ा कि एच-1 कोच में चेन पुलिंग हुई है। पता चला कि 15 नंबर सीट पर यात्रा कर रहे प्रशांत मेहता ने चेन पुलिंग की है। वह दिल्ली से ग्वालियर जा रहे हैं। जब आरपीएफ ने उनसे चेन पुलिंग करने का कारण पूछा तो उन्होंने बताया कि उनका बेटा स्टेशन पर कुछ सामान लेने गया है, इसलिए चेन पुलिंग की है। आरपीएफ ने कहा कि चेन पुलिंग के लिए यह रेलवे एक्ट के तहत उचित कारण नहीं है, इसलिए आपको अभी उतरना पड़ेगा और कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई की बात सुनते ही नाराज हो गए
जब आरपीएफ के जवानों ने प्रशांत मेहता से कार्रवाई की बात की तो वे नाराज हो गए। प्रशांत मेहता ने कहा कि तुम मुझे जानते नहीं हो, मैं आइएएस हूं। एक मिनट में तुम्हारी वर्दी उतरवा दूंगा। तुम्हे जो कार्रवाई करनी हो, इसके लिए ग्वालियर आना। वहां सिंधिया जी आ रहे हैं। उनके साथ मुझे जाना है। काफी समझाने के बाद भी रिटायर्ड आइएएस और उनके साथ के लोग आरपीएफ से बहस करते रहे। उन्हें बार-बार धमकी देते रहे। ऐसे में ट्रेन लेट होने के चलते आरपीएफ ने यात्री की डिटेल लेकर उन्हें जाने दिया, क्योंकि 9 मिनट तक ट्रेन आगरा स्टेशन पर ही खड़ी रही थी।
मैं आपकी बात कराऊं
 इस वीडियो में रिटायर्ड आइएएस बार-बार आरपीएफ को किसी वरिष्ठ अधिकारी से फोन पर बात कराने की कहते हुए दिखाई दे रहे हैं। जबकि आरपीएफ जवान कह रहे हैं कि आप जब तक नहीं उतरेंगे, ट्रेन आगे नहीं बढ़ेगी। क्योंकि चेन पुलिंग रेल अधिनियम के तहत अपराध है। उन्होंने रेलवे एक्ट की धारा 141 के उल्लंघन पर कार्रवाई करने की बात कही। इस पर प्रशांत मेहता भड़क गए। इंस्पेक्टर का कहना है कि प्रशांत मेहता ने खुद को आइएएस अफसर बताते हुए, ग्वालियर में तैनात होने की बात कही। उन्होंने मौके पर मौजूद आरपीएफ जवानों की वर्दी उतरवाने की धमकी भी दी।
आरोपी के खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत मामला दर्ज
9 मिनट बाद ट्रेन आगे के लिए रवाना हुई। आरपीएफ ने प्रशांत मेहता के खिलाफ रेलवे एक्ट की धारा 141 के तहत आरपीएफ दर्ज कर ली है। रेलवे पुलिस फोर्स के थाना प्रभारी सुरेंद्र चौधरी ने बताया कि बिना किसी उचित कारण के चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोका गया था। इस कारण ट्रेन 9 मिनट तक स्टेशन पर खड़ी रही। बाद में आरपीएफ का सहयोग भी नहीं किया।