दो बाइक सवार बदमाशों ने महिला के गले से झपट्टा मारकर सोने की चेन लूटी

Sep 20 2021

ग्वालियर। शताब्दीपुरम के पास बाइक पर सवार दो बदमाश महिला के गले से सोने की चेन झपट्टा मारकर लूटकर ले गए। बदमाशों के अप्रत्याशित हमले से महिला बुरी तरह से घबरा गई। लुटेरों को पकडऩे के लिए फरियादिया ने शोर भी मचाया, लेकिन बाइक सवार लुटेरे अंधेरे में गायब हो गए। चेन लूट की सूचना मिलते ही महाराजपुरा थाना प्रभारी पीके यादव मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लुटेरों को पकडऩे के लिए आसपास के क्षेत्र की नाकेबंदी की। पर लुटेरे पुलिस के हाथ नहीं आ सके थे।
शताब्दीपुर निवासी वीनू भदौरिया महाराजा काम्पलेक्स से खरीदारी कर घर वापस लौट रही थीं। तभी माधवराव सिंधिया की प्रतिमा से कुछ ही दूरी पर सामने से बाइक पर सवार दो बदमाश आए। महिला के गले में नजर आ रही सोने की चेन पर बाइक पर पीछे बैठे युवक ने झपट्टा मारा। चेन हाथ में आते ही लुटेरे अंधेरे में गायब हो गए। लूटी गई चेन एक तोला वजनी बताई गई है। लूट की सूचना मिलते ही पुलिस ने शहर की नाकेबंदी कर दी। हजीरा व गोला का मंदिर थाना पुलिस को अलर्ट कर दिया। पुलिस ने सड़कों पर मोर्चा संभाला, लेकिन लुटेरों का कुछ पता नहीं चला। चेन लुटेरों की पहचान करने के लिए पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।