दाल बाजार और लोहिया बाजार में सफेद लाइन के बाहर खड़ा किया वाहन तो होगा चालान

Sep 20 2021

ग्वालियर। शहर में ट्रैफिक व्यवस्था के सुधारने के लिए ट्रैफिक पुलिस व नगर निगम अमले ने लोहिया बाजार में मार्किंग की। इसके लिए सफेद चूने की लाइन डाली गई है। दाल बाजार में पहले से मार्किंग है। सोमवार से दोनों बाजारों में व्यापारी व ट्रैफिक पुलिस के जवान निगरानी करेंगे। इस दौरान यदि लाइनिंग के बाहर वाहन खड़े नजर आए तो जुर्माना वसूल किया जाएगा।
दाल बाजार व लोहिया बाजार में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए व्यापारी आगे आए हैं। वे स्वेच्छा से पुलिस के साथ मिलकर व्यवस्था बनाएंगे। यह निर्णय व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि व ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों की बैठक में लिया था। इससे व्यवस्था ठीक न होने पर वन-वे के प्लान पर भी ट्रायल किया जाएगा।
ट्रैफिक दुरुस्त करने के लिए बनाए 12 नए पॉइंट
शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए एसपी अमित सांघी ने शहर में 12 नए पॉइंट बनाए हैं। इन पर होमगार्ड जवान ट्रैफिक व्यवस्था संभालेंगे। हाल में पदस्थ किए गए तीन निरीक्षकों को भी एएसपी हितिका वासल ने नए क्षेत्र देकर चौराहों व तिराहों की लेफ्ट टर्न की निगरानी सहित व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए गए हैं। नए ट्रैफिक पॉइंट्स में मेडिकल चौराहा, नया बाजार चौराहा, गांधी गुलंबर, आरोग्यधाम अस्पताल, नाका चंद्रबदनी, बहोड़ापुर तिराहा, नारकोटिक्स चौराहा, महाराजा गेट तिराहा, सात नंबर चौराहा होटल सनबीम तिराहा, हुजरात पुल व पाटनकर चौराहा शामिल हैं।
हितिका वासल एएसपी ने बताया कि सोमवार से दाल बाजार व लोहिया बाजार में ट्रैफिक पुलिस अधिकारी बाजार के प्रतिनिधियों के साथ मिलकर कार्रवाई करेंगे। इन बाजारों में पार्किंग लाइन के बाहर वाहन खड़ा करने वालों के चालान बनाए जाएंगे।