बाइक सवार बदमाशों ने महिला से लूटा मोबाइल

Sep 19 2021

ग्वालियर। डबरा में मोबाइल पर पति से बात करते हुए पैदल-पैदल जा रही महिला पर बाइक सवार तीन बदमाश झपट्टा मारकर फोन लूट ले गए। घटना डबरा के गुप्ता का पुरा में रविवार सुबह की है। घटना के बाद बाइक सवारों के पीछे महिला ने दौड़ भी लगाई, लेकिन वह बाइक की स्पीड़ बढ़ाकर भाग गए। महिला की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची है। प्रदेश के गृहमंत्री के गृह नगर में लूट से सनसनी फैल गई। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है।
डबरा के महावीरपुरा निवासी बद्रीबाई बाथम (30) पत्नी बल्लू बाथम ग्रहणी है। रविवार को वह अपनी ननद पार्वती से मिलने के लिए गुप्ता का पुरा आई थी। ननद से मिलने के बाद वह वापस अपने घर के लिए आ रही थी अभी वह कुछ ही दूर पहुंची थी कि तभी उसके मोबाइल पर पति का कॉल आया। कॉल रिसीव कर वह बात करते हुए जा रही थी। इसी समय पीछे से एक बाइक पर सवार तीन बदमाश आए और झपट्टा मार कर उसके हाथ से मोबाइल छीन ले गए। वारदात के बाद महिला ने लुटेरों को पकडऩे के लिए शोर मचाया, लेकिन आरोपी भाग निकले। मामले का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद लूट का मामला दर्ज कर लिया है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश के लिए इलाके के सीसीटीवी कैमरे खंगालना शुरू कर दिए हैं। जिससे पता चल सके कि बदमाश कौन थे और कहां से आए थे। एक बार बाइक सवार बदमाशों का रूट मिल गया तो पुलिस उनका पता लगा सकेगी।
सुरेन्द्र सिंह, टीआई डबरा सिटी थाना ने कहा कि बाइक सवार तीन बदमाश एक महिला से मोबाइल झपट ले गए है। पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।