अगले बरस तू जल्दी आ... बप्पा का विसर्जन हुआ शुरू

Sep 19 2021

ग्वालियर। रविवार को अनंत चौदस पर शहर में गणेश विसर्जन शुरू हो गया। इस बार गणेश उत्सव में कई भक्तों ने भंडारे के साथ गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया। कटोरा ताल, सागरताल, नूराबाद आदि जगह गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा रहा है। इस दौरान भक्तगण लोडिंग ऑटो, ठेले आदि में रैलियों के रूप में गणपति बप्पा मोरया,अगले बरस तू जल्दी आ गाते हुए गणेश प्रतिमा ले गए।
भक्तजन ने इस बार मिट्टी की गणेश प्रतिमाएं स्वयं घर पर ही बनाईं। साथ ही उनका घर में ही विसर्जन भी किया। कई लोगों ने प्रतिमाओं का घर में ही विसर्जन किया गया। कई स्थानों पर गणेश विसर्जन आज भी किया जाएगा। रविवार को जगह-जगह भंडारे का आयोजन किया गया।
इसके लिए समाजसेवी संस्थाओं ने भी विशेष वाहनों की व्यवस्था की हैं। इधर कटोरा ताल और सागर ताल पर पुलिस का बल भी सुरक्षा के लिए तैनात है। 
आमजन ने चलित जलाशयों में किया प्रतिमा का विसर्जन
श्री गणपति प्रतिमा के विसर्जन के लिए रविवार को शहर के विभिन्न चौराहों पर चलित जलाशय में गंगा जल युक्त जल की व्यवस्था की गई। श्री गणेश विसर्जन के लिए बारदरी चौराहा, फूल बाग, हज़ीरा, कटोरा ताल, महाराज बाड़ा, शिंदे की छावनी गणेश मंदिर पर इन चलित जलाशयों में आमजन श्री गणपति जी की प्रतिमा का विसर्जन किया।