प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर ऊर्जामंत्री ने चंद्र नगर मुक्तिधाम में चलाया सफाई अभियान

Sep 17 2021

ग्वालियर। वैसे तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस को भाजपाई अपने-अपने अंदाज में मना रहे हैं, लेकिन ऊर्जामंत्री ने अपने अनोखे अंदाज में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जन्मदिवस मनाया है। ऊर्जामंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर सुबह कोटेश्वर मंडल के कार्यकर्ताओं के साथ चन्द्र नगर मुक्तिधाम पहुंचे। यहां हाथ में झाडू उठाकर सफाई करने में जुट गए।
करीब 1 घंटे तक उन्होंने पूरे परिसर को साफ किया। फावड़ा से गंदगी को खरोंचकर उठाया। इसके बाद पूरे कचरे को गाड़ी में भरवाकर सही जगह फिंकवाया है। सफाई के दौरान ऊर्जामंत्री तोमर बोले हैं कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मंशा है कि देश का कोना-कोना प्रदूषण और गंदगी मुक्त रहे। उनके जन्मदिन पर इससे अच्छा क्या संकल्प हो सकता है।
शुक्रवार 17 सितंबर को देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जन्मदिवस है। ऐसे में हर कोई अपने-अपने तरीके से उनका जन्मदिन मना रहा है। इसी कड़ी में मध्य प्रदेश सरकार में ऊर्जामंत्री व सिंधिया समर्थक प्रद्युम्न सिंह तोमर ने अपने ही अंदाज में प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन मनाया है। ऊर्जामंत्री तोमर सुबह 9 बजे कोटेश्वर मंडल भाजपा के कार्यकर्ताओं के साथ चन्द्रनगर श्मशान घाट पहुंचेे। यहां काफी गंदगी पड़ी थी। 24 घंटे से रिमझिम बारिश होने पर कीचड़ भी जमा हो गई थी। यह देखते ही बिना देर किए ऊर्जा मंत्री तोमर ने हाथ में झाडू उठाई और शुरू कर दिया सफाई अभियान। पूरे परिसर की गंदगी साफ की, साथ ही मुक्तिधाम में उग आई घास को भी काटा है।
प्रधानमंत्री को इससे अच्छा तोहफा समझ नहीं आया
ऊर्जामंत्री ने सफाई अभियान के दौरान कहा कि हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मंशा है कि पूरा देश प्रदुषण मुक्त हो और हर जगह साफ-सफाई हो। उनके स्वच्छता के संदेश को उनके जन्मदिन पर आगे बढ़ाने से बड़ा तोहफा कुछ नहीं हो सकता। आज प्रधानमंत्री का जन्मदिन है सोचा उनके सम्मान में सफाई करना ही सबसे सही रहेगा। इसके बाद वैक्सीनेशन के महाअभियान में भी शामिल होकर उसे भी सफल बनाना है।
लगातार इस तरह के प्रयास करते रहे हैं
ऊर्जामंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर लगातार अपने इस अंदाज के लिए जाने जाते रहे हैं। जब वह कांग्रेस में थे तो सफाई करने के लिए कीचड़ और मलबे से भरे सीवर चैंबर तक में उतर जाते थे। अब वह भाजपा में है तो भी अपने इसी अंदाज के लिए चर्चित हैं। कभी नाली की सफाई करना तो कभी श्मशान घाट में सफाई अभियान चलाना। ट्रांसफार्मर पर चढ़कर मेंटेनेंस कार्य करने के साथ-साथ सुंदरकांड पाठ में झीका बजाते भी उन्हें देखा गया है।