वैक्सीनेशन महाअभियान रिमझिम बारिश ने टीकाकरण के महाअभियान में डाला खलल

Sep 17 2021

ग्वालियर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर टीकाकरण के महाअभियान की चाल सुबह से ही सुस्त रही है। रिमझिम बारिश के चलते टीकाकरण केन्द्र तक कुछ ही लोग पहुंचे। जिले का सबसे बड़ा सेंटर जेएएच में वैक्सीनेशन के लिए 5 रूम बनाए गए थे, लेकिन सिर्फ दो रूम में ही टीकाकरण चल रहा था।
टीका लगवाने आने वालों की सुस्त चाल के चलते तीन रूम खोले ही नहीं गए। हाल यह था कि दोपहर 12 बजे तक सिर्फ 93 लोगों को वैक्सीन लगी थी। इनमें से 26 पहले डोज और 67 दूसरे डोज वाले थे। इसके विपरित व्यापारिक संस्था चेंबर ऑफ कॉमर्स में बारिश से बचने के इंतजाम थे इसलिए लोग भी काफी थे। यहां एक सैकड़ा से ऊपर लोग वैक्सीन लगवा चुके थे। अन्य सरकारी टीकाकरण केन्द्र पर भी वैक्सीनेशन की चाल दोपहर तक सुस्त ही रही है।
देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर शुक्रवार को पूरे प्रदेश में टीकाकरण का महाअभियान चलाया जा रहा है। ग्वालियर जिले में भी सवा लाख से अधिक लोगों को वैक्सीन लगाने का टारगेट रखा गया है। करीब 400 से अधिक टीमें बनाकर महाअभियान को सफल बनाने का प्रयास किया जा रहा है। पर शुक्रवार सुबह 9 बजे वैक्सीनेशन शुरू होने के साथ ही महाअभियान में कम ही लोग वैक्सीनेशन सेंटर तक पहुंचे हैं। इसका सबसे बड़ा कारण बीते 24 घंटे से ग्वालियर में हो रही रिमझिम बारिश है। जिस कारण लोग घरों से नहीं निकल पा रहे हैं। सरकारी अस्पतालों और सेंटर पर भीड़ बहुत कम दिखाई दी है। जयारोग्य अस्पताल, जिला अस्पताल व अन्य अस्पतालों में दोपहर 12 बजे तक कुछ ही संख्या में लोग टीका लगवाने पहुंचे हैं।
459 टीम कर रही है काम
टीकाकरण के लिए 30 रिजर्व टीम सहित कुल 459 टीम गठित की गई हैं। लगभग 90 मोबाइल टीम भी टीकाकरण कार्य में शामिल हैं। नगर निगम आयुक्त किशोर कान्याल ने यह भी कहा कि जो लोग जिले से बाहर रह रहे हैं अथवा जिनकी मृत्यु हो गई है, ऐसे लोगों का डाटा भी संग्रहित किया जाए, जिससे जिले के टीकाकरण का सही-सही आंकलन हो सके।
जो टीका लगवाने पहुंचे उनमें दिखा उत्साह
शुक्रवार को टीका लगवाने पहुंची ज्योति साहू बोलीं आज का दिन मुझे हमेशा याद रहेगा: बारिश के दौरान भी लोग टीकाकरण केंद्रों पर वैक्सीन लगवाने पहुंचे। शिवपुरी लिंक रोड निवासी ज्योति साहू का कहना है कि आज का दिन मुझे ताजिंदगी याद रहेगा। किसी और दिन मैंने टीका लगवाया होता तो उसे स्वाभाविक रूप से कुछ समय बाद भूलना ही था। हमने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के जन्मदिवस पर कोरोना का टीका लगवाया है। इसलिए इस दिन को अब हम कभी नहीं भुला पाएंगे। ज्योति साहू ने अपने पति रवि साहू के साथ जेएएच परिसर स्थित टीकाकरण केंद्र पहुंचकर प्रथम डोज का टीका लगवाया। ज्योति का कहना था कि गर्भावस्था की वजह से मैं पहले टीका नहीं लगवा पााई थी। बेटे के जन्म के बाद हमने टीका लगवाने की सोची, तभी पता चला कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस 17 सितंबर को टीकाकरण के लिए महाअभियान चलेगा। इसलिए हमने सोचा क्यों न टीका लगवाकर प्रधानमंत्री को जन्मदिन का उपहार दिया जाए। इसलिए आज टीका लगवाया।