रिमझिम बारिश ने ही खोली शहर की सड़कों की पोल वाहन चालक तो दूर पैदल निकलना भी हुआ मुश्किल

Sep 17 2021

ग्वालियर। यूं तो बिना बारिश के ही शहर की अधिकांश सड़कें शासन प्रशासन के विकास कार्यों की पोलें खोल रही हैं। फिर भी 24 घंटे से रिमझिम हो रही अनवरत बारिश ने शहर की सड़कों की और असलियत खोलकर रख दी है। इस 24 घंटे की अनवरत रिमझिम बारिश से पूरे शहर के हर कौनों की सड़कें अपनी बदहाली का बयां कर रही हैं। शिंदे की छावनी से लेकर बहोड़ापुर रोड तक या सिटीसेंटर क्षेत्र हो या फिर शब्द प्रताप आश्रम विनय नगर आश्रम, छप्परवाला पुल उपनगर ग्वालियर की सड़कें, हजीरे की सड़के आदि इन क्षेत्रों में जर्जर पड़ी सड़कों के कारण बड़े बड़े गड्डे हो गए हैं और इन गड्डों में रिमझिम बारिश का पानी समां गया है। 
जिस कारण वाहन चालकों का निकलना तो दूभर पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है। सबसे विकट समस्या तो शिंदे की छावनी से लेकर बहोड़ापुर रोड की है। इस रोड से बचने के लिए लोग शॉर्टकट लक्ष्मण तलैया और शब्दप्रताप आश्रम का मार्ग तय करते हैं लेकिन इस शॉर्ट कट मार्ग पर भी अत्यधिक गंभीर बनी हुई है। सड़कें खुदी होने के कारण मिट्टी बहकर सड़कों पर आ गई है जिस कारण दो पहिया वाहन चालक फिसल रहे हैं। यही हाल कोटेश्वर रोड और विनय नगर रोड का है। कोटेश्वर रोड पर नाला निर्माण के कारण नाले की खुदाई के बाद निकला मलबा सड़क किनारे डाल दिया गया है जो बारिश में बहकर बीच सड़क पर आ रहा है।