कोर्ट परिसर में 100 साल से अधिक पुराना पीपल में गणेश जी जैसी आकृति उभरी

Sep 10 2021

ग्वालियर। आस्था का कोई रूप कोई रंग नहीं होता है। ये तो एक भाव है जो अंतर्मन से प्रकट होता है। ऐसा ही भाव ग्वालियर जिला न्यायालय में मौजूद प्राचीन पीपल के पेड़ में दिखाई दिया। दरअसल, पीपल के पेड़ में भगवान गणेश की आकृति उभर आई थी और वकीलों ने उसकी पूजा शुरू कर दी।
ग्वालियर के इंदरगंज चौराहे पर स्थित जिला न्यायालय के परिसर में प्राचीन पंचमुखी महादेव मंदिर के पास एक पुराना पीपल का पेड़ है। कोर्ट में आने वाले वकील और पक्षकार रोज मंदिर के दर्शन करते हैं। दो साल पहले कुछ वकीलों की नजर पीपल के पेड़ पर पड़ी तो उन्हें सूंड का आकार निकलते दिखाई दिया। फिर कुछ दिन बाद सूंड के पास कान के आकार दिखाई दिया। पीपल के पेड़ में सूंड और कान देखकर वकीलों ने कहा कि भगवान गणेश ने उन्हें स्वयं दर्शन दिया है। उसके बाद उन लोगों ने मिलकर इसका शृंगार कराया और पूजन किया।
2019 में प्रकट हुई थी गणेश जी आकृति
न्यायालय में आने वाले वकील पंचमुखी महादेव मंदिर और अन्य मंदिरों के साथ अब पीपल के पेड़ से प्रकट हुए भगवान गणेश को भी प्रणाम करते हैं। वकीलों का मानना है कि ये एक चमत्कार है। गणपति ने स्वयं हमें दर्शन दिये हैं। वकीलों का ये भी मानना है कि पीपल के पेड़ में 33 कोटि देवताओं का वास होता है। ये पूजनीय पेड़ है अब भगवान गणेश ने हमें दर्शन दिये हैं। ये हमारा सौभाग्य है और भगवान का चमत्कार भी।