सिंधिया के लालच के चलते गिरी कांग्रेस सरकार, राजगढ़ समेत 5 विधानसभा सीटों पर जीत का किया दावा-जयवर्धन सिंह

Sep 09 2021

ग्वालियर। सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के लालच के चलते कांग्रेस सरकार गिरी है, जिसका दुष्परिणाम लोगों को झेलना पड़ रहा है। ये बात ग्वालियर में पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने एक बैठक के दौरान कही। राजगढ़ विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के साथ हुई मीटिंग में आगामी उपचुनावों में पांचों सीटें जीतने का दावा भी किया। ग्वालियर-चंबल में बढ़ती सक्रियता के सवाल पर कहा कि वर्तमान में कोई राजा, महाराजा नहीं है मैं किसी का विकल्प नहीं बन रहा हूं, अंचल में कई बड़े नेता हैं। पूरे प्रदेश में कांग्रेस जनता के मुद्दे को उठा रही है, हम लोग लगातार सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे है, हमारी लड़ाई सरकार से है हम जनता की लड़ाई लड़ रहे है, जनता महंगाई से परेशान है
किसानों को नहीं, सिंधिया समर्थक एमएलए को मिल रहा फायदा
जयवर्धन ने कहा कि ये अफसोस की बात है कि सिंधिया ने बीजेपी से सौदा किया, जिसके कारण किसानों का कर्जा माफ नहीं हुआ। आज किसानों को किसान ऋण माफी का लाभ नहीं मिल पा रहा है। 17 महीने की बीजेपी सरकार में केवल सिंधिया के विधायकों को लाभ मिला है। ग्वालियर-चंबल हो या प्रदेश का कोई भी इलाका सभी जगह जनहित के मुद्दों पर कांग्रेस प्रदर्शन कर रही है
जयवर्धन सिंह ने ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह पर तंज कसते हुए कहा कि तोमर बिजली विभाग के कर्मचारियों को उनका काम करने दें। तोमर खुद बिजली विभाग का काम करने लग जाते है। वो छोड़कर बिजली के बिलों में बढ़ोत्तरी हो रही है उस पर ध्यान दें। बिजली के भारी भरकम बिल आ रहे है जो बिल नहीं चुका पा रहे है उनके कनेक्शन काटे जा रहे है। आम जनता में भय का माहौल है। साथ ही कहा कि बाढ़ से प्रभावित लोगों को सरकार एक महीने बाद भी मुआवजा नहीं दे पाई है। 15 महीने में कमलनाथ सरकार ने माफिया पर लगाम लगाई थी लेकिन बीजेपी की सरकार आते ही माफिया फिर सक्रिय हो गए है।