डबरा जेल में कैदी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या पुलिस मामले की जांच में जुटी

Sep 09 2021

ग्वालियर। डबरा उपजेल में गुरुवार सुबह एक कैदी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामला डबरा थाना क्षेत्र का है। कैदी हत्या के एक मामले में पिछले 5 माह से बंद था। कैदी ने किन कारणों के चलते आत्महत्या की है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार पिछोर जनपद के छपरा गांव निवासी कमल सिंह पुत्र सांवरिया उम्र 50 वर्ष हत्या के एक मामले में 22 मार्च 2021 से डबरा उपजेल में बंद था। कमल सिंह रोजाना की तरह गुरुवार की सुबह जागकर नित्यक्रिया करने बाथरूम के अंदर घुस गया था। वह काफी देर तक बाहर नहीं निकला तो अन्य साथी कैदियों ने दरवाजा खट-खटाया तो अंदर से कोई जवाब नहीं आया। अनहोनी की आशंका के चलते कैदियों ने इसकी सूचना जेल प्रबंधन को दी। 
जेलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर बल पूर्वक दरवाजा खोला तो उसके अंदर कमल सिंह का शव फंदे से झूल रहा था। यह देखते ही जेलकर्मियों में हड़कंप मच गया। खबर लगते ही जेल अधिकारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से नीचे उतारा। इसके बाद शव को पीएम के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार कमल सिंह ने चादर की रस्सी बनाकर उससे फंदा बनाया है। उसने किन कारणों के चलते आत्महत्या की है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
छपरा गांव में की थी पूर्व सरपंच की हत्या
पुलिस के अनुसार कमल ने 22 मार्च को छपरा गांव में पूर्व सरपंच विजय जाट की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी थी। कुछ समय पैरोल पर भी जाता रहा था। इस मामले में कोर्ट में सुनवाई चल रही थी। विचाराधीन बंदी की आत्महत्या के बाद उपजेल में हड़कंप मच गया है। 
मनोज साहू जेल अधीक्षक ने बताया कि हत्या के मामले में बंद बंदी ने फांसी लगाकर जान दी है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।