ग्वालियर में होगा चित्र भारती फिल्म फेस्टिवल चयनित फिल्मों का होगा प्रदर्शन

Sep 07 2021

ग्वालियर। संगीत एवं कला की अनुपम नगरी ग्वालियर में अक्टूबर माह में चित्र भारती फिल्म फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है ग्वालियर चित्र भारती फिल्म फेस्टिवल में कुल 10  विषयों पर प्रदेश के निर्माताओं द्वारा बनाई गई शार्ट, डॉक्यूमेट्री, एनिमेशन और कैंपस फिल्मों को प्रविष्टि दी जाएगी और चयनित फिल्मों का प्रदर्शन समापन समारोह में किया जायेगा। चित्र भारती के प्रांत सह संयोजक दिनेश चाकणकर ने बताया कि सतपुड़ा चलचित्र समिति द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय चित्र भारती फिल्म फेस्टिवल आईआईटीटीएम, राजा मानसिंह तोमर कला एवं संगीत विश्वविद्यालय, उदभव सांस्कृतिक संस्था एवं ग्रीनवुड पब्लिक स्कूल के सहयोग से किया जा रहा है। कार्यक्रम हेतु आयोजन समिति भी बनाई गई है जिसके अध्यक्ष डॉक्टर केशव पाण्डेय और उपाध्यक्ष दीपक तोमर होंगे तथा स्वागत समिति के अध्यक्ष आलोक शर्मा निदेशक आईआईटीटीएम होंगे। कार्यक्रम संयोजक चंद्रप्रताप सिंह सिकरवार तथा सह संयोजक श्रीमती किरण भदौरिया एवं उमेश गोहान्जे होंगे तथा प्रचार प्रसार प्रमुख प्रवीण दुबे होंगे।
फिल्मोत्सव के इतिहास पर नजर डालें तो सिनेमा के क्षेत्र में कार्य करने वाला अपना संगठन चित्र भारती द्वारा फरवरी 2016 में पहला लघु-फिल्मों का उत्सव इंदौर में आयोजित किया गया था। यह चित्र भारती फिल्म फेस्टिवल-(सीबीएफएफ) के नाम से प्रसिद्ध हुआ। इसमें 9 राज्यों से 309 फिल्में आईं। सिनेजगत की प्रमुख हस्तियां मधुर भंडारकर, राहुल रावल, विवेक अग्निहोत्री, पल्लवी जोशी और सुदिप्तो सेन आदि इसमें शामिल हुईं थी। इस कार्य को विधिवत आगे बढ़ाने के लिए भारतीय चित्र साधना नाम से ट्रस्ट दिल्ली में पंजीकृत हुआ है। दूसरा चित्र भारती नेशनल फिल्म फेस्टिवल 19-21 फरवरी 2018 को दिल्ली के सीरी फोर्ट में आयोजित किया गया और तीसरा चित्र भारती नेशनल 21-23 फरवरी 2020 को कर्णावती अहमदाबाद में आयोजित किया गया और चौथा चित्र भारती नेशनल फिल्म फेस्टिवल भोपाल में 18 से 20 2022 फरवरी तक आयोजित किया  जा रहा है।