भाजपा नेता मोहित जाट की हत्या का प्रयास, सुपारी देकर वारदात कराने की आशंका

Sep 07 2021

ग्वालियर। नई सड़क पर भाजपा नेता व सिंधिया समर्थक मोहित जाट की हत्या की कोशिश की गई। बाइक सवार आधा दर्जन से ज्यादा हथियारबंद बदमाशों ने उन पर फ़ायरिंग कर दी। वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी जारी किया गया है। इसमें गोली चलने की पुष्टि की गई है। वारदात के बाद पुलिस ने तस्दीक़ करके आदतन अपराधी बेटू चौरसिया, करन राठौर व रवि तोमर समेत सात लोगों पर हत्या का प्रयास व बलवा का प्रकरण जनकगंज थाना में दर्ज किया है। 
फरियादी मोहित जाट का कहना है कि अपराधी बेटू चौरसिया ने उन्हें मोबाइल पर कॉल करके मिलने हरीनिर्मल टॉकीज पर बुलाया था। वे अपने एक कार्यकर्ता रवि के साथ पहुँचे तो वहाँ पहले से कुछ और युवक भी थे। यहाँ आते ही उन्होंने मोबाइल हाथ से छीना और सीने से पिस्टल अड़ा दी। इसके साथ ही कहा कि बहुत नेतागिरी कर रहा है। इसके बाद तीन फ़ायर कर दिये। 
वापस लौट कर भी की फायरिंग
एक बार जाने के बाद आरोपी वापस लौटे और गोलियां चलाईं जो पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने मौके से फुटेज लेकर आरोपियों की शिनाख्ती के प्रयास शुरू कर दिए है। 
सुपारी देकर हत्या की आशंका
वारदात के बारे में मोहित का कहना है कि उसकी किसी से रंजिश नहीं है। आशंका है कि राजनैतिक विद्वेश के चलते किसी मास्टरमाइंड ने उनकी हत्या की सुपारी दी है।
कई मामले हैं बेटू पर दर्ज
बेटू चौरसिया पर यह पहला मामला नहीं है, इससे पहले झांसी रोड में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है उसमें योजना का ताना-बाना इसी ने रचा था। जिसमें शराब कारोबारी के बेटे के साथ मिलकर दुश्मनों को फंसाने के लिए उसने फायरिंग हुई थी। इस मामले में बेटू फरार है और माधौगंज थाना क्षेत्र में हुई एक चोरी में भी संदेही है, इसके अलावा इस पर कई मामले दर्ज हैं। 
संजीव नयन शर्मा टीआई जनकगंज का कहना है कि भाजपा नेता पर फायरिंग के मामले में तीन नामजद व कुछ अन्य के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।