त्योहारी सीजन में बाजार में भीड़ को कंट्रोल करना बड़ी चुनौती , जनता को जागरूक करने चौराहे पर लगाए जाएंगे होर्डिंग

Sep 03 2021

ग्वालियर। कोरोना के कारण दो बार लाकडाउन का दंश झेल चुके व्यापारी वर्ग के लिए आगामी तीन महीने बेहद महत्वपूर्ण हैं। सितंबर, अक्टूबर, नवंबर का महीना धार्मिक एवं व्यापारिक दृष्टिकोण से बहुत अहम रहने वाला है। गणेश चतुर्थी, नवरात्र, पितृ पक्ष, दशहरा, दीपावली, गोवर्धन, भाई दूज से लेकर देवउठनी एकादशी तक लगातार त्योहार रहेंगे। इस दौरान शहर के बाजारों में विशेष रौनक, या कहें लाख कोशिश करने के बाद भी भीड़भाड़ रहेगी ही। चूंकि कोरोना की तीसरी लहर की आशंका बनी हुई है। ऐसे में चैंबर, कैट, दाल बाजार, लोहिया बाजार, टोपी बाजार समेत विभिन्न व्यापारी संगठनों ने तीसरी लहर से बचाव के लिए विशेष तैयारी शुरू कर दी है। जिससे कि कोरोना से बचते हुए व्यापारी व्यापार कर सकें और खरीदार भी कोरोना मुक्त रहकर खरीदारी कर सकें। इसके लिए विभिन्न सामाजिक संगठन व्यापारियों व ग्राहकों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाने जा रहे हैं। जिसके तहत एक बार फिर बाजारों में मास्क लगाने, वैक्सीन लगवाने व सैनिटाइजर का इस्तेमाल करने की समझाइश देते हुए होर्टिंग, पोस्टर, बैनर लगाए जाएंगे। हालांकि कैट व चैंबर जैसे प्रमुख व्यापारी संगठनों का जोर वैक्सीनेशन पर है। जिनका कहना है कि 100 फीसद वैक्सीनेशन होने पर ही चिंता घटेगी, ऐसा होने से त्यौहारी सीजन में ग्राहर व व्यापारी सुरक्षित रहेंगे।