विश्वविद्यालय का विकास पहली प्राथमिकता: डॉ. मंडेरिया

Sep 02 2021

ग्वालियर। जीवाजी विश्वविद्यालय के नए कुलसचिव के तौर पर डॉ. सुशील मंडेरिया ने पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का विकास उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी। चाहे बात छात्रों के हित की हो या फिर कर्मचारियों के विषय की हो विश्वविद्यालय के हित में ही निर्णय लिया जाएगा।
कुलसचिव डॉ. मंडेरिया ने कहा कि नई शिक्षा नीति को बेहतर तरीके से क्रियान्वित करने का प्रयास करेंगे, जिससे इसका लाभ सभी छात्रों को मिल सके। उन्होंने कहा कि अकादमिक के साथ- साथ प्रशासनिक स्तर पर भी बेहतर कार्य करने के प्रयास किए जाएं, इस बात का ध्यान रखेंगे। इसके साथ ही समन्वय व सहयोग के साथ आगे बढऩे के प्रयास करने की बात उन्होंने कही।
गौरतलब है डॉ. सुशील मंडेरिया प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री के ओएसडी रहे हैं। इसके बाद शासन ने उनकी नियुक्ति जेयू के कुलसचिव के तौर पर की है। नए कुलसचिव डॉ. मंडेरिया के पदभार ग्रहण करने पर जेयू के सभी शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारी संघ ने उन्हें बधाई दी है।