जल सप्लाई का पाइप टूटा, सीवरयुत पानी आने पर रहवासियों ने दिया धरना

Aug 30 2021

ग्वालियर। विनय नगर क्षेत्र में नाला निर्माण का कार्य कई दिनों से चल रहा है। विनय नगर सेक्टर तीन के लिए निकली अमृत योजना की सप्लाई का पाइप कर्मचारियों ने नाले का मलबा उठाने के दौरान जेसीबी से तोड़ दिया था। इसके बाद घरों में दूषित पीने का पानी आना शुरू हो गया। इसके बाद क्षेत्रीय लोगों ने बड़ी संख्या में जमा होकर विरोध प्रकट किया और धरने पर भी बैठे। मौके पर कांग्रेसी नेता सुनील शर्मा भी पहुंच गए। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों से लापरवाही पर नाराजगी व्यक्त की और जल्द ही सीवर युक्त पानी से निजात देने की बात कही।
गौरतलब है कि पेयजल का पाइप मलबा निकालते समय कर्मचारियों ने तोड़ दिया था। पाइप टूटने के कारण लोग दूषित पानी पीने को मजबूर हो रहे हैं। पाइप से निकलने वाले पानी से गलियों में कीचड़ जमा हो गई है। इससे भी लोग परेशान हो रहे हैं। कांग्रेस नेता के साथ जेसी अग्रवाल, सतीश त्रिपाठी, डॉ. रवि माहेश्वरी, हेमचंद बंसल, विक्रम शर्मा समेत बड़ी संया में लोगों ने प्रदर्शन किया। 
नाला निर्माण से लोगों को हो रही परेशानी
बता दें कि विनय नगर क्षेत्र में कई दिनों से नाला निर्माण का कार्य चल रहा है। सरकारी तंत्र और अधिकारियों की लापरवाही से अब तक नाला का कार्य पूरा नहीं हो सका है। सबसे ज्यादा परेशानी विनय नगर सेक्टर 3 के निवासियों को हो रही है। यहां के लोगों ने बताया कि नाले का पानी घर में आ रहा है। पानी की लाइन के ऊपर से नाले का पानी निकल रहा है। लोग अमृत की जगह सीवर का पानी पीने को मजबूर हैं, वहीं लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। नाले का पानी से जलभराव भी हो रहा है। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समस्या का समाधान न कराया गया तो फिर से धरना शुरू कर देंगे। उनकी मांग है कि जल्द ही नाला निर्माण का कार्य पूरा किया जाए।